[ad_1]

रोहतक, 20 जनवरी (हि.स.)। बहुअकबरपुर थाने के अंतर्गत गांव डोभ में शनिवार को घरेलू कलह के चलते एक फौजी ने अपनी पत्नी के सिर में रॉड मारकर बेरहमी से उसकी हत्या कर दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार गांव डोभ निवासी कश्मीरी फौज में नौकरी करता है और कल ही छुट्टी पर आया था।
आज दोपहर को कश्मीरी व उसकी पत्नी पूजा का किसी बात को लेकर विवाद हो गया, जिस पर कश्मीरी ने उसके सिर में लोहे की रॉड मार हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया। घटना का पता उस वक्त लगा जब परिवार के सदस्य आए तो देखा कि पूजा लहूलुहान हालत में जमीन पर मृत पड़ी है। परिजनों ने यह देखकर शोर मचा दिया, जिसके बाद काफी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। इसी बीच सूचना मिलने पर एफएसएल व पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटना स्थल का निरीक्षण किया। बताया जा रहा है कि मृतका के तीन छोटे बच्चे हैं, जिसमें दो बेटे व एक बेटी है। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि घरेलू कलह के चलते ही आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस मामले की गहनता से जांच पड़ताल कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार/ अनिल/सुमन/संजीव