Warning: Undefined array key "mode" in /home/azaannews/public_html/wp-content/plugins/sitespeaker-widget/sitespeaker.php on line 13
[ad_1]
देहरादून, 14 मार्च (हिस)। हरिद्वार लोकसभा सीट के लिए भाजपा ने त्रिवेंद्र सिंह रावत के नाम की घोषणा से उनके डिफेंस कालोनी स्थित आवास पर समर्थकों का हुजूम उमड़ पड़ा। फिर रात में जमकर आतिशबाजी हुई, ढोल बजे, मिठाइयां बंटी और टिकट मिलने का जश्न मनाया गया।
पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेेंद्र सिंह रावत के आवास पर करीब तीन साल में यह पहला मौका होगा, जब उनके समर्थकों का इतना हुजूम नजर आया हो। वर्ष 2021 में मुख्यमंत्री की कुर्सी से हटने के बाद से त्रिवेंद्र सिंह रावत की सक्रियता में कभी कमी नहीं आयी। कभी रक्तदान, तो कभी दूसरे अभियानों के जरिये वे सार्वजनिक जीवन में अपनी उपस्थिति दर्ज कराते रहेे। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में जब उन्हें डोईवाला सीट से टिकट नहीं दिया गया तो इस बात को और बल मिला कि पार्टी हाईकमान की उन पर नजरें इनायत नहीं है। हालांकि उनका ये दबाव जरूर रहा कि उनके करीबी बृजभूषण गैरोला को उनकी सिफारिश पर भाजपा उम्मीदवार बनाया गया। गैरोला चुनाव में जीते, तो इसे त्रिवेंद्र सिंह रावत की ही जीत माना गया।
हरिद्वार सीट पर पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत को पार्टी हाईकमान ने टिकट देकर उन्हें एक और मौका दिया है। त्रिवेंद्र को टिकट देने के लिए पार्टी हाईकमान को हरिद्वार सीट पर मौजूदा सांसद और पूर्व मुख्यमंत्री डाॅ रमेश पोखरियाल निशंक का टिकट काटना पड़ा है। हिन्दुत्व की जिस तरह से पूरे देश में लहर चल रही है, उस लिहाज से देखें, तो गंगा नगरी हरिद्वार की सीट के भाजपा के लिए महत्व को समझा जा सकता है। हालांकि त्रिवेंद्र सिंह रावत भाजपा के पुराने व अनुभवी नेता हैं, लेकिन इस सीट पर प्रत्याशी बतौर वे नया चेहरा हैं। पार्टी अब एंटी इनकमबेंसी की आशंका से भी मुक्त है। जहां तक त्रिवेंद्र समर्थकों का सवाल है, वह मोदी लहर के बीच जीत के प्रति आश्वस्त हैं। वैसे भी पिछले दो लोकसभा चुनाव से इस सीट पर भगवा परचम ही बुलंद हो रहा है।
इन स्थितियों के बीच, पूर्व सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत के चेहरे पर आत्मविश्वास और खुशी को महसूस किया जा सकता है। तीन साल की अग्निपरीक्षा में वह सफल साबित हुए हैं। वह बार-बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह के साथ ही सीएम पुष्कर सिंह धामी के प्रति आभार प्रकट करते हैं। अपने आवास पर नाचते-झूमते समर्थकों को बीच-बीच में उन्होंने संबोधित भी किया। ये ही दोहराया-जितना उत्साह आज दिख रहा है, उससे दुगने उत्साह से चुनाव में जुटना है। मोदी जी को उत्तराखंड से पांचों सीटों पर विजय का उपहार देना है।
हिन्दुस्थान समाचार/विपिन बनियाल/सुनील