[ad_1]

बाक्सा (असम), 08 मार्च (हि.स.)। असम सरकार के मंत्री यूजी ब्रह्म ने कहा है कि बोडोलैंड में भाजपा-यूपीपीएल गठबंधन की भारी मतों से जीत होगी। उन्होंने कहा कि उसके उम्मीदवार 6 लाख से अधिक वोट प्राप्त करेंगे।
मंत्री आज जिले के फतेहाबाद चाय बागान में प्रस्तावित उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भवन का शिलान्यास करने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने शिक्षा के क्षेत्र को बहुत अधिक महत्व दिया है। उन्होंने कहा कि राज्य के सरकारी स्कूलों को प्राइवेट स्कूलों से अधिक उन्नत बनाए जाने की योजना शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि चुनाव के मौके पर भले ही इसका आज शिलान्यास कर रहे हैं, लेकिन यह योजना काफी पहले ही बनाई गई है। यह सरकार हर दिन कार्य करती है, इसीलिए चुनाव आने-जाने से कोई फर्क नहीं पड़ता है।
ज्ञात हो कि आज मंत्री ब्रह्म ने क्षेत्र के कई अन्य विद्यालयों की भी आधारशिला रखी। एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि 12, 13 मार्च के अंदर कोकराझाड़ लोकसभा सीट से भाजपा-यूपीपीएल गठबंधन के उम्मीदवार की घोषणा कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि योग्य प्रार्थी को चुनाव में टिकट दिया जाएगा। समय पर लोगों को इसकी जानकारी दे दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि सांसद नव शरणिया को इस चुनाव में नॉमिनेशन नहीं करना चाहिए। एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि नागरिकता संशोधन कानून पास होने से पहले ही विपक्षी दलों को इसमें संशोधन करवाना चाहिए था। इसको लेकर बेवजह राजनीति करने की कोशिशें की जा रही है। उन्होंने कहा कि जो लोग आज आंदोलन कर रहे हैं वे इसको लेकर पहले से ही आंदोलन करते रहे हैं। इससे मतदाताओं पर कोई असर नहीं पड़ने वाला है। भाजपा गठबंधन की सरकार ने जिस तरह से कार्य किया है, उसके आधार पर लोग इसे निश्चित ही वोट देंगे। इस दौरान मंत्री ब्रह्म ने पत्रकारों के कई प्रश्नों के भी सीधे-सीधे उत्तर दिए।
हिन्दुस्थान समाचार /श्रीप्रकाश/अरविंद