[ad_1]

पटना, 2 मार्च (हि.स.)। बिहार के मुख्य सचिव आमिर सुबहानी ने स्वैच्छिक सेवानिवृति (वीआरएस) ले ली है। उनका वीआरएस मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंजूर कर लिया है। हालांकि, सामान्य प्रशासन विभाग ने इस संबंध में अभी कोई पत्र जारी नहीं किया है। सुबहानी इस साल 30 अप्रैल को रिटायर होने वाले थे लेकिन उन्होंने दो महीने पहले ही वीआरएस ले लिया।
अब अगले मुख्य सचिव के नाम को लेकर अटकलें भी तेज हो गयी है। आईएएस अधिकारी ब्रजेश मेहरोत्रा को बिहार के मुख्य सचिव बनाये जाने की भी चर्चा है। ब्रजेश मेहरोत्रा अगस्त 2024 में सेवानिवृत होने वाले हैं।साल 1989 बैच के आईएएस ब्रजेश मेहरोत्रा बिहार के विभिन्न विभागों में अपनी सेवा दे चुके हैं। अपर मुख्य सचिव के रूप में भी उन्होंने विभिन्न विभागों में सेवाएं दी हैं। साथ ही मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के विश्वस्त अधिकारियों में ब्रजेश मेहरोत्रा की पहचान है। उनके प्रशासनिक कौशल और दक्षता की वजह से वे बिहार के मुख्य सचिव बनने वालों की दौड़ में सबसे आगे बताए जा रहे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार/ चंदा/चंद्र प्रकाश