[ad_1]

फिरोजाबाद, 10 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले की थाना पचोखरा पुलिस और एसओसी की टीम ने शनिवार को ओडिशा से तस्करी कर मथुरा ले जाई जा रही लाखों रुपये के गांजे की खेप पकड़ी। इस दौरान पांच तस्करों को भी पकड़ा गया है। गिरफ्तार तस्करों की मंशा लोकसभा चुनाव से पूर्व गांजा खपाने की थी।
एसओजी प्रभारी अनुज कुमार और पचोखरा थानाध्यक्ष सचिन कुमार पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त पर थे। सूचना पर सफेद रंग की चार पहिया वाहन को नेशनल हाइवे-19 के रास्ते टूंडला की तरफ से आते वक्त घेराबंदी कर दबोच लिया। तलाशी के दौरान वाहन से 45 पैकेट गांजे के साथ पांच तस्करों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपितों में एटा निवासी विजय कुमार, मथुरा निवासी पवन अग्रवाल, रविंद्र उर्फ रवि, अलीगढ़ निवासी गुलशन विकास और आगरा निवासी धर्मेन्द्र सिंह हैं।
अभियुक्त रविंद्र उर्फ रवि ने बताया कि धर्मेंद्र से उसकी मुलाकात इटावा से जेल जाने के बाद हुई थी। इसके बाद दोनों ने मिलकर गांजा तस्करी के लिए गैंग बनाया। तस्करी के लिए छत्तीसगढ नम्बर की गाड़ी भी इसलिए खरीदी थी कि जिससे किसी को शक न हो। गिरफ्तार तस्करों की योजना लोकसभा चुनाव से पूर्व गांजा खपाने की थी। तस्करों ने पुलिस को भ्रमित करने के लिए कार के डैशबोर्ड, गाडी की लाइटों एवं बम्फरों में अवैध गांजे की तस्करी के लिए जगह बनाई थी। गांजे की खेप को ओडिशा से मथुरा ले जा रहे थे। पकड़े गए गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब छह लाख रुपये है।
हिन्दुस्थान समाचार/कौशल/दीपक