[ad_1]

भोपाल, 22 फरवरी (हि.स.)। राजधानी भोपाल स्थित राष्ट्रीय उद्यान वन विहार में आज (गुरुवार) से वन्यप्राणियों की गणना की जा रही है। तीन दिनों तक चलने वाली इस गणना में वन विभाग के विशेषज्ञों द्वारा वन विहार में मौजूद मांसाहारी और शाकाहारी वन्यजीवों की गणना की जाएगी।
वन विहार संचालक बालकृष्णन पदमाप्रिया बालाकृष्णन ने बताया कि वन्यप्राणियों की गणना सुबह 7 से 9 बजे तक की जाएगी। इसमें स्वतंत्र विचरण करने वाले जानवरों की गिनती की जाएगी। बाड़े में मौजूद जानवरों का आंकड़ा पहले से ही वन विहार के पास सुरक्षित रखा हुआ है। गणना के दौरान 22 से 24 फरवरी तक सुबह 7 से 10 बजे तक वन विहार में पर्यटकों का प्रवेश बंद रहेगा। वन विहार को सुबह 10 बजे के बाद पर्यटकों के लिए खोला जाएगा।
वन विहार में फिलहाल बाड़े में सिंह (लायन), बाघ (टाइगर), सफेद बाघ, तेंदुआ, भालू, हायना (लकड़बग्गा), मगरमच्छ, गौर (बायसन), पहाड़ी कछुए, जलीय कछुए और घड़ियाल है। क्वारेंटाइन सेंटर में तेंदुआ और अफ्रीकन कछुए हैं। इसके साथ वन विहार के पास खुले में घुमने वाले जानवरों में चीतल, सांभर, नीलगाय, जंगली सूअर, मोर, सियार, लंगूर, काला हिरण, चौसिंगा, सेही, बारहसिंगा, जंगली बिल्ली, चिंकारा, पेंगोलिन आदि हैं।
वन विहार में शेर, टाइगर, भालू, हिरण, लकड़बग्घा, तेंदुआ, मगर-घड़ियाल, चीतल, सांभर समेत 27 तरह के बाड़े और खुले में घूमने वाले जानवरों के दीदार पर्यटकों को होते हैं। पिछले साल जब गणना हुई थी, तब यहां कुल 1510 जानवर सामने आए थे। हालांकि, एक साल में जानवरों की संख्या 142 तक घट गई थी, क्योंकि वर्ष 2022 में हुई गणना में कुल 1652 जानवर मिले थे। मोर, सांभर, चीतल-घड़ियाल की संख्या कम हुई थी, जबकि जंगली सुअर, लंगूर आदि जानवर बढ़े भी थे।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश/नेहा