[ad_1]

अगरतला, 11 फरवरी (हि.स.)। त्रिपुरा में अगरतला रेलवे स्टेशन पर आज अवैध रूप से भारत में घुसी बांग्लादेशी तीन महिलाओं समेत कुल छह लोगों को रेलवे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
जीआरपी के अधिकारियों ने गुप्त सूचना के आधार पर पहले ही सुरक्षा बलों को सतर्क कर रखा था। जीआरपी सूत्रों ने बताया कि त्रिपुरा के सोनामुरा निवासी अमजर आलम, रहीमा बेगम तथा मामन हुसैन नमक दलालों के जरिए बांग्लादेश से त्रिपुरा के सिपाहीजला जिले के सोनामुरा में सीमा पार करके ढाका निवासी मौसमी, झरना तथा रेहाना नाम की महिलाएं भारत में घुसी।
उनकी योजना अगरतला स्टेशन पर ट्रेन में सवार होकर पश्चिम बंगाल पहुंचने की थी। ज्यों ही तीनों दलालों के साथ तीनों बांग्लादेशी महिलाएं अगरतला स्टेशन पर पहुंची कि पहले से ही वहां तैनात जीआरपी कर्मियों ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान उन्होंने खुलासा किया कि इन दलालों के जरिए वे तीनों भारत में प्रवेश करके काम की तलाश में पश्चिम बंगाल जा रही थी। उन्हें भारतीय पासपोर्ट अधिनियम की धाराओं के उल्लंघन के सिलसिले में गिरफ्तार कर लिया गया। इस संदर्भ में आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की गई है।
उल्लेखनीय है कि दलालों के जरिए लगातार बांग्लादेशी नागरिक पूर्वोत्तर राज्यों की सीमा में घुसकर यहां से पूरे देश में पहुंच जाते हैं। सभी राजनीतिक दलें बारी-बारी से इसे रोकने के दावे कर चुकी हैं, लेकिन किसी भी दल की सरकार भारत बांग्लादेश सीमा को पूरी तरह सील करने में सफल नहीं रही। यही कारण है कि बांग्लादेश से पूर्वोत्तर के रास्ते पूरे देश में बांग्लादेशी नागरिक प्रवेश कर रहे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश/प्रभात