[ad_1]

भोपाल, 12 मार्च (हि.स.)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज (मंगलवार को) राजधानी भोपाल में नरेला विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत संजीव नगर से नेवरी लालघाटी तक की बहुप्रतिक्षित सड़क का लोकार्पण करेंगे। खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग ने बताया कि संजीव नगर करोंद से लालघाटी जाने वालों को अब सात किमी लंबा चक्कर लगाने की जरूरत नहीं होगी। यात्री अब लालघाटी से संजीव नगर होते हुए एयरपोर्ट पहुंच सकेंगे।
उन्होंने बताया कि लंबे समय से इस सड़क निर्माण को लेकर प्रयास किया जा रहा था। लेकिन मिलिट्री एरिया में होने से इसमें रक्षा मंत्रालय (भारत सरकार) से विभिन्न स्वीकृतियां मिलने के बाद ही यह सड़क निर्माण पूरा हो सका।
मंत्री सारंग ने बताया कि इस मार्ग के निर्माण से अयोध्या बायपास, भानपुर, लांबाखेड़ा, करोंद क्षेत्र की द्वारका धाम, नयापुरा गांव, मेपल ट्री, बडवई, पलासी आदि 100 से अधिक कॉलोनी में निवासरत लगभग 10 लाख से अधिक आबादी को लालाघाटी एवं पुराने शहर से जुड़ने का सीधा फायदा होगा। नये और पुराने शहर की जनता को एयरपोर्ट जाने में सात किमी का फेरा न लगाते हुए इस मार्ग को वैकल्पिक मार्ग के रूप में उपयोग किया जाएगा, जिससे एयरपोर्ट की ओर जाने आने में और भी सुगमता होगी।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश/मयंक