[ad_1]
भोपाल, 24 मार्च (हि.स.)। राजधानी के बुधवारा इलाके में रविवार दोपहर अवैध नल कनेक्शन काटने पहुंचे नगर निगम के वार्ड प्रभारी तथा अमले से मारपीट की गई। इस मामले में पुलिस ने तीन भाईयों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
नगर निगम जोन- 5 का अमला बकाया जलकर वसूली करने रविवार दोपहर वार्ड 22 स्थित बुधवारा की रामफल वाली गली में पहुंचा था। इस दौरान अवैध नल कनेक्शन की जांच भी की गई। कुछ घरों में अवैध कनेक्शन पाए गए। अमले ने जैसे ही अवैध कनेक्शन काटने शुरू किए। कुछ लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। वे जोन अधिकारी आरबी त्रिपाठी को अपशब्द कहने लगे। यह देख वार्ड प्रभारी अरबाज खान ने लोगों को रोका। तभी एक व्यक्ति आया और अरबाज को थप्पड़ मार दिया। पास में खड़े अन्य लोगों ने भी मारपीट शुरू कर दी। अचानक हुए हमले से निगम अमले ने अपने आपको को जैसे-तैसे बचाया और मौके से बाहर निकले। इसके बाद निगम कमिश्नर हरेंद्र नारायण को मामले की पूरी जानकारी दी गई। कमिश्नर ने विभाग से जुड़े अफसरों को मौके पर भेजा।
घटना के बाद जोन प्रभारी आरबी त्रिपाठी ने बताया कि कुछ लोगों ने मारपीट और गाली-गलौच की है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर उनके विरुद्ध थाने में एफआईआर दर्ज कराने के लिए तलैया थाने में आवेदन दिया है। इस मामले में पुलिस ने तीन भाईयों फरहान, शानू और शिवली पर धारा 353, 186, 506 और 34 आईपीसी के तहत के दर्ज किया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार/ केशव दुबे/मुकेश