[ad_1]

भरतपुर, 2 मार्च (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भरतपुर में राजस्थान की भारतीय जनता पार्टी सरकार पर जमकर निशाना साधा।
राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा में शामिल होने के लिए धौलपुर जाने के लिए जयपुर से ट्रेन से भरतपुर पहुंचे गहलोत ने कहा कि संविधान के अंतर्गत सरकार चलती है। मुख्यमंत्री, मंत्री और प्रधानमंत्री जो शपथ लेते हैं। उनका अधिकार उनको संविधान के रूप में मिलता है लेकिन आज तो राजस्थान को रिमोट वाला मुख्यमंत्री मिला है। सरकार को रिमोट कंट्रोल से चलाओ तो यह लोकतंत्र की हत्या है। पता नहीं चल पा रहा है कि सरकार चल रही है या नहीं। मुख्य सचिव आज सर्वेसर्वा हो गए हैं जो लोकतंत्र के लिए खतरा है। मुख्य सचिव के आगे काम करने के लिए मंत्रियों को गिड़गिड़ाना पड़ता है। तीन महीने हो गए हैं, सरकार कौन चला रहा है, पता नहीं चल पा रहा है।
सीएम भजनलाल शर्मा पर निशाना साधते हुए कहा कि क्या भरतपुर वालों को गर्व होना चाहिए कि मुख्यमंत्री उनके यहां के बन गए हैं, लेकिन उनको पूरा अधिकार नहीं दिया जा रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री ने हमला बोलते हुए कहा, रोजाना रेप की घटनाएं हो रही हैं, हमारे ऊपर आरोप लगते थे कि रेप की राजधानी बन गई है। हालात बड़े गंभीर हैं, घटना हो रही लेकिन कोई ध्यान नहीं दे रहा है। 5000 राजीव गांधी युवा मित्र बेरोजगार कर दिए गए। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि ईआरसीपी और यमुना पानी को लेकर बीजेपी सरकार डींग हांक रही है, जबकि कोई पानी मिलाने वाला नहीं है।
हिन्दुस्थान समाचार/ अनुराधा/संदीप