[ad_1]


बलिया, 21 जनवरी (हि. स.)। अयोध्या में भगवान राम के विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा से पहले पूरा भृगु क्षेत्र राममय हो गया है। रामलला के भव्य मंदिर में प्रवेश करने की पूर्व संध्या पर रविवार को पूर्व मंत्री उपेन्द्र तिवारी ने कमेश्वरनाथ धाम कारो से जिला मुख्यालय स्थित बाबा बलेश्वरनाथ मंदिर तक 28 किलोमीटर लंबी अक्षत कलश पदयात्रा की।
पदयात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं भी थीं। इसके साथ हाथी, घोड़े व ऊंट भी साथ चल रहे थे। रामधुन पर हजारों युवा थिरक रहे थे। जय श्रीराम के उद्घोष से बलिया का वातावरण गुंजायमान हो गया। चितबड़ागांव, फेफना, खोरीपाकड़ होते हुए पदयात्रा में शामिल लोग जैसे ही शहर में प्रवेश किए, चित्तू पाण्डेय चौराहे से बलेश्वरनाथ मंदिर तक उन पर फूलों की वर्षा हुई। लोग भाव विह्वल होकर उपेन्द्र तिवारी व अन्य पदयात्रियों पर फूल बरसा रहे थे।
पदयात्रा में शामिल युवाओं की उत्साहित टोली ‘अभी तो ये झांकी है, काशी-माथुरा बाकी है’ जैसे नारे लगा रहे थे। बलेश्वरनाथ मंदिर में पदयात्रा के समापन के बाद उपेन्द्र तिवारी ने रामलीला मैदान में लोगों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश रामराज्य की तरफ बढ़ रहा है। कहा कि भगवान राम पांच सौ सालों बाद भव्य मंदिर में विराजमान होने जा रहे हैं तो यह भाजपा और लाखों बलिदानियों की देन है।
हिन्दुस्थान समाचार/एन पंकज/राजेश