[ad_1]
राजौरी, 16 मार्च (हि.स.)। भारतीय सेना के जवानों ने शुक्रवार देर शाम को नियंत्रण रेखा (एनओसी) पर पाकिस्तान अधिकृत जम्मू-कश्मीर के रहने वाले एक व्यक्ति को पकड़ा है, जो भारतीय सीमा में घुसपैठ की कोशिश कर रहा था।
अधिकारियों के अनुसार शुक्रवार देर शाम राजौरी के नौशेरा सेक्टर में नियंत्रण रेखा पर भारतीय सेना के जवानों ने अग्रिम स्थान पर एक व्यक्ति की संदिग्ध गतिविधि देखी। उन्होंने बताया कि संदिग्ध को सैनिकों ने चुनौती दी और बाद में उसे पकड़ लिया गया। इसके बाद उसे पास के सैन्य शिविर में ले जाया गया जहां उससे पूछताछ की गई। उसे राजौरी जिले के नौशेरा सेक्टर के अंतर्गत आने वाले इलाके में नियंत्रण रेखा पर पकड़ा गया। बाद में व्यक्ति को नौशेरा सेक्टर मुख्यालय ले जाया गया और अब पुलिस को सौंप दिया गया है। वह पाकिस्तान अधिकृत जम्मू कश्मीर के समहानी इलाके का रहने वाला है। जब संदिग्ध को पकड़ा गया तो वह निहत्था था।
हिन्दुस्थान समाचार/बलवान/पवन