[ad_1]

चंडीगढ़, 5 फरवरी (हि.स.)। हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनुराग अग्रवाल ने कहा कि चुनाव ड्यूटी के दौरान पोलिंग सुरक्षा कर्मियों के परिवारजन को एक्सग्रेसिया के तहत वित्तीय सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी। डयूटी के दौरान हिंसक घटनाओं, बम धमाके या आतंकवादी घटनाओं या गोलीबारी इत्यादि से कारण मृत्यु हो जाने पर परिवारजन को 30 लाख रुपये दिये जाएंगे।
इसी प्रकार, डयूटी पर किसी अन्य कारणों से मृत्यु हो जाने पर 15 लाख रुपये, असामाजिक तत्वों के हमले के कारण कर्मचारी के स्थायी दिव्यांगता होने पर परिवारजन को 15 लाख रुपये तथा शरीर के किसी अंग या आंखों की दृष्टि जाने की स्थिति में 7.5 लाख रुपये की वित्तीय सहायता परिवारजनों को दी जाएगी। अनुराग अग्रवाल सोमवार को चंडीगढ़ में लोकसभा चुनाव में ड्यूटी में लगे कर्मचारियों के लिए एक्सग्रेसिया नीति पर आयोजित बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
बैठक में जानकारी दी गई कि चुनाव ड्यूटी के दौरान दी जाने वाली यह एक्सग्रेसिया राशि केंद्रीय गृह मंत्रालय या राज्य सरकार या अन्य नियोक्ता द्वारा दी जाने वाले अनुकंपा राशि से अतिरिक्त होगी। अनुराग अग्रवाल ने कहा कि अनुकंपा राशि की प्रक्रिया शुरू करने की जिम्मेवारी जिला निर्वाचन अधिकारी तथा पुलिस अधीक्षक की होगी और कर्मचारी की मृत्यु, दिव्यांगता इत्यादि होने की घटना की तिथि से 10 दिन के अंदर-अंदर आरंभ करनी होगी। मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय द्वारा 1 माह के भीतर संबंधित मामले की निपटान सुनिश्चित करना होगा।
हिन्दुस्थान समाचार/संजीव/सुनील