[ad_1]

बेंगलुरु, 27 फ़रवरी (हि.स.)। जेएसडब्ल्यू और जीएमआर की सह-स्वामित्व वाली फ्रेंचाइजी दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) ने सोमवार को बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) 2024 के अपने दूसरे मैच में यूपी वारियर्स पर नौ विकेट से जोरदार जीत दर्ज की।
मैरिज़ेन कप्प (5 रन देकर 3 विकेट) और राधा यादव (20 रन देक 4 विकेट) के बेहतरीन गेंदबाजी की बदौलत दिल्ली कैपिटल्स ने यूपी वॉरियर्स को 20 ओवरों में 119/9 पर रोक दिया। इसके बाद शैफाली वर्मा (43 गेंदों में नाबाद 64) और कप्तान मेग लैनिंग (43 गेंदों में 51) ने पहले विकेट के लिए 119 रन की उल्लेखनीय साझेदारी कर दिल्ली को आसानी से 9 विकेट से जीत दिला दी।
मैच के बाद वर्मा ने कहा, डीसी की संस्कृति अद्भुत है। टीम के साथ रहना और मेग के साथ ओपनिंग करना बहुत मजेदार है। वह हर गेंद के बाद मुझसे बात करती हैं, पूरी पारी के दौरान मेरे शॉट चयन में मेरा मार्गदर्शन करती हैं और इससे मुझे बहुत मदद मिल रही है।
मैच में बेहतरीन गेंदबाज करने वाली कप्प, जिन्हें मैच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया, ने कहा, यह गेंदबाजी करने के लिए एक अच्छा विकेट था, लेकिन मुझे लगता है कि अच्छे शॉट्स और गेंदबाजी का भी महत्व था।
उन्होंने कहा, यह हमारे लिए टीम की अच्छी जीत है। मुझे लगा कि मुंबई के खिलाफ करीबी मैच के बाद हमें इसकी जरूरत थी, इसलिए टीम की जीत में योगदान देना अच्छा था।
दिल्ली कैपिटल्स की टीम गुरुवार, 29 फरवरी 2024 को बेंगलुरु के एम.चिन्नास्वामी स्टेडियम में डब्ल्यूपीए 2024 के अपने तीसरे मैच में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर से भिड़ेगी।
हिन्दुस्थान समाचार/ सुनील