[ad_1]

झाबुआ, 21 जनवरी (हि.स.)। गुजरात राज्य के विभिन्न शहरों से बाइक चुराकर मध्यप्रदेश में बेचने वाले एक आरोपित को जिले की थान्दला पुलिस ने रविवार को गिरफ़्तार कर लिया। आरोपित गुजरात राज्य के शहर सूरत से बाइक चुराकर मध्यप्रदेश में बेचने की फिराक में था, तभी थांदला पुलिस द्वारा पकड़ लिया गया।
पुलिस जानकारी अनुसार बाइक चोरी के आरोपित को गिरफ्तार कर भारतीय दण्ड संहिता की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया है, और आरोपित आरोपी के कब्जे से चोरी की दो बाइक भी जप्त की गई है। पुलिस जानकारी अनुसार आज गुजरात पुलिस भी यहां पहुंची, ओर आरोपित की फार्मल गिरफ्तारी ले ली गई, अब गुजरात पुलिस द्वारा कोर्ट से प्रोटेक्शन वारंट लिया जाकर थांदला पुलिस को सौंपा जाएगा, तब थांदला पुलिस उसे ले जाकर गुजरात की न्यायालय में प्रस्तुत करेगी।
थान्दला थाना प्रभारी राजकुमार कुंसारिया से मामले में रविवार को मिली जानकारी के अनुसार नगर में शांति व्यवस्था निरीक्षण के दौरान स्थानीय बैड़ावा बस स्टैण्ड के पास लाख्याखाली तरफ से एक याहामा कम्पनी की लाल रंग की मोटर साइकिल आर-15 आते हुऐ दिखी, मोटर साइकिल बिना नम्बर की होने से मोटर साइकिल को थांदला पुलिस टीम द्वारा बैड़ावा बस स्टैण्ड के आगे रोका गया, और मोटर साइकिल चालक से गाडी पर नम्बर नही होने के संबंध में पूछताछ की गई, तो वह घबराकर भागने का प्रयास करने लगा, तभी पुलिस फोर्स की मदद से उसे पकड़ लिया गया, और जब मोटर साइकिल इंजन नम्बर को ई-चालान मशीन पर चेक किया गया तो उक्त मोटर साइकिल मनिषाबेन पति शांतुभाई राठौर निवासी 351 रिगल फलिया, पिपोडदा तहसील मांगरोल जिला सूरत थाना काँसम्बा के नाम से होना पाया गया। आरोपी विनेश पुत्र रागू वसुनिया उम्र 24 वर्ष निवासी हत्याहेली से सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी द्वारा बताया गया की करीब एक साल पहले सूरत में मजदूरी के दौरान मैंने यह लाल रंग की मोटर साइकिल चुराई थी, एवं करीब 9-10 महिने पहले बडौदा से एक अपाचे मोटर साइकिल भी चुराई थी, जो मैंने घर पर रखी है बहुत दिनो से मोटर साइकिल बेचने की फिराक में था। आरोपित की निशानदेही पर उसके घर से उक्त चोरी की मोटर साइकिल जप्त कर ली गई है। कुंसारिया के अनुसार आरोपित के कब्जे से जप्त की गई बाइक का अनुमानित मूल्य रूपए 350000/- है। पुलिस द्वारा भारतीय दंड विधान और दंड प्रक्रिया संहिता 41,1/4, 102 एवं 379 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर आरोपित को न्यायालय के सामने पेश किया गया। न्यायालय द्वारा उसे जिला जेल भेज दिया गया है।
थाना प्रभारी थान्दला राजकुमार कुंसारिया ने कहा कि चूंकि आरोपित के विरुद्ध गुजरात में भी प्रकरण दर्ज हैं, इसलिए उपरोक्त मामले मे गुजरात पुलिस को भी सूचना दी गई थी। आज गुजरात पुलिस भी यहां पहुंच गई, ओर गुजरात पुलिस द्वारा आरोपित की फार्मल गिरफ्तारी भी आज ले ली गई है, अब गुजरात पुलिस द्वारा कोर्ट से प्रोटेक्शन वारंट लिया जाकर थांदला पुलिस को सौंपा जाएगा, तब थांदला पुलिस उसे ले जाकर गुजरात की न्यायालय में प्रस्तुत करेगी।
हिन्दुस्थान समाचार/ डॉ. उमेशचन्द्र शर्मा/मुकेश