[ad_1]

ऊना, 19 जनवरी (हि.स.)। हरोली पुलिस ने तीन माह से फरार चल रहे चोरी के आरोपी को पकडऩे में सफलता हासिल की है। चोरी के आरोपी को पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर दौलतपुर चौक से गिरफ्तार कर लिया है। जिसके खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
आरोपी की पहचान 23 वर्षीय प्रदीप कुमार निवासी बढेड़ा के रूप में हुई है। पुलिस से मिली जानकारी अनुसार सलोह निवासी विपन कुमार ने पुलिस थाना में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि इनके मकान के साथ शिव मंदिर है और इसकी देखरेख करते हैं। आठ अक्तूबर 2023 को जब ये मंदिर में गया तो पाया कि मंदिर के दानपात्र बरामदे में पाये गए और ताले टूटे हुए थे। जब दान पात्र खोल कर देखा तो गल्ले में से सारी नगदी गायब थी। जब आसपास देखा गया तो दानपात्र के ताले और एक लोहे की रॉड कूड़ेदान में पाए गए। मंदिर का दानपात्र तीन महीने से नही खोला गया था, जिसमें तकरीबन चार से पांच हजार का चढ़ावा होने का अंदेशा है।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी थी। मंदिर में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद पुलिस ने चोरी के आरोपी की शिनाख्त तो कर ली थी। लेकिन तीन महीनों से शातिर पुलिस को चकमा दे रहा था। विगत दिवस ही पुलिस को गुप्त सूचना मिली की उक्त आरोपी दौलतपुर चौक में है। जिस पर पुलिस ने मुख्य आरक्षी सुनील कुमार के नेतृत्व में टीम का गठन किया और सुनियोजित तरीके से दौलतपुर में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।
डीएसपी हरोली मोहन रावत ने बताया कि पुलिस ने सलोह मंदिर में चोरी करने वाले शातिर को पकडऩे में सफलता हासिल की है और उक्त व्यक्ति ने चोरी करने की बात भी कबूल की है। अब पुलिस विभागीय जांच करके आगामी कार्रवाई को अंजाम दे रही है।
हिन्दुस्थान समाचार/ विकास