[ad_1]

हरिद्वार, 24 जनवरी (हि.स.)। ज्वेलरी खरीदने आई महिला के बैग से 2 लाख रुपये उड़ाने वाली टप्पेबाज महिला को पुलिस ने धर दबोचा। आरोपित महिला के कब्जे से चुराई गई रकम भी पुलिस ने बरामद कर ली। आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
बुधवार को एक महिला ज्वालापुर सर्राफा बाजार में खरीदारी करने आईं। महिला जैसे ही एक ज्वेलरी शॉप में पहुंची तभी वहां पहुंची एक अन्य महिला ने उसके बैग से 2 लाख की नकदी उड़ा दी और रफूचक्कर हो गई। अपने साथ हुई इस घटना का खुलासा होते ही महिला के होश उड़ गए। जैसे तैसे महिला घर पहुंची और अपने पति के साथ ज्वालापुर थाने में अज्ञात के खिलाफ लिखित तहरीर दी।
महिला की शिकायत पर पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को चौक करते हुए पुलिस आरोपी महिला तक पहुंचने में कामयाब हुई। आरोपित महिला मुन्नी पत्नी अल्लादिया निवासी आदिल नगर निकट भुतेषी मंदिर थाना सिटी कोतवाली जनपद बुलंदशहर उत्तर प्रदेश को पुलिस ने महिला कांस्टेबल की मदद से मोहल्ला मेहतान ज्वालापुर से धर दबोचा। आरोपित महिला के कब्जे से चुराई गई 2 लाख की रकम भी पुलिस ने बरामद कर ली। आरोपित महिला का धारा 380 के तहत चालान कर दिया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार/ रजनीकांत/रामानुज