[ad_1]

-22 जनवरी के बाद प्रतिदिन लगभग एक लाख श्रद्धालुओं के अयोध्या आने की संभावना
लखनऊ, 17 जनवरी (हि.स.)। प्रमुख सचिव परिवहन एल. वेंकटेश्वर लू की अध्यक्षता में बुधवार को परिवहन निगम के सभागार कक्ष में 22 जनवरी को राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा की तैयारियों की समीक्षा हुई। उन्होंने बताया कि गोरखपुर-अयोध्या, प्रयागराज-अयोध्या, वाराणसी-अयोध्या, लखनऊ-अयोध्या मार्ग पर ग्रीन कॉरिडोर बनाया जायेगा। अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं को आवागमन में समस्या न हो, इसके लिए दो माह के लिए ग्रीन कॉरिडोर बनाया गया है। आवश्यकतानुसार इसे आगे भी बढ़ाया जायेगा। रेलवे अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं के लिए आस्था एक्सप्रेस-वे का संचालन कर रहा है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए परिवहन निगम इलेक्ट्रिक बसें संचालित करेगा।
प्रमुख सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि टैक्सी, इलेक्ट्रिक ऑटो, बसे इत्यादि आसानी से उपलब्ध हो, इसकी तैयारी कर ली जाए। सभी अधिकारी सुनिश्चित कर लें कि ड्राइवर/कंडक्टर वर्दी में रहें। ब्रेथ एनलाइजर से सभी चालक/परिचालक की जांच की जाए। इंटरसेप्टर के माध्यम से ओवर स्पीडिंग की भी जांच की जाए, जिससे कि दुर्घटना को रोका जा सके। उन्होंने कहा कि बसों में ओवर लोडिंग की जांच की जाए।
प्रमुख सचिव ने कहा कि बस स्टेशन एवं बसें साफ-सुथरी रहें। बसों एवं बस स्टेशनों पर रामधुन, राम भजन बजाया जाए, जिससे कि आने वाले श्रद्धालुओं को गुडफिल हो। उन्होंने कहा कि एलईडी एवं फ्लैक्सी के माध्यम से श्रद्धालुओं को जानकारी उपलब्ध कराई जाए। बसों में अधिकारियों के कॉन्टैक्ट नम्बर लिखे हों।
हिन्दुस्थान समाचार/कमलेश्वर शरण/आकाश