[ad_1]

-14 से 22 जनवरी तक मंदिरों में होगा रामायण पाठ, भजन, कीर्तन का आयोजन
मेरठ, 10 जनवरी (हि.स.)। 22 जनवरी को अयोध्या धाम में श्रीराम मंदिर में मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा के अवसर को पूरे देश में भव्य तरीके से मनाया जाएगा। मेरठ जनपद में 14 से 22 जनवरी तक राम मंदिर, हनुमान मंदिर, वाल्मीकि मंदिरों में रामकथा, रामायण पाठ, भवन कीर्तन का आयोजन होगा।
मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल ने बताया कि 14 से 22 जनवरी 2024 तक जनपद के राम मंदिरों, हनुमान मंदिरों, वाल्मीकि मंदिरों आदि मंदिरों में श्रीरामकथा, रामायण-पाठ, भजन, कीर्तन आदि सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित कराए जाएंगे। वाल्मीकि रामायण में उल्लिखित श्रीराम के आदर्शां, मानव मूल्यों, सामाजिक मूल्यों का प्रचार-प्रसार कर लोगों को इस अभियान से जोड़ा जाएगा। मंदिरों में दीप प्रज्ज्वलन, दीपदान के साथ-साथ श्रीरामकथा प्रवचन, अनवरत रामायण, श्रीरामचरित मानस का पाठ, सुंदरकांड आदि के पाठ किए जाएंगे। नगर निकायों में नगर संकीर्तनों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें स्थानीय भजन, कीर्तन मंडलियों को सम्मिलित करते हुए नगरों में श्रीराम मंदिर रथ एवं कलश यात्राओं का आयोजन किया जाएगा। आयोजन स्थल पर साफ-सफाई, पेयजल, सुरक्षा, दरी बिछावन, ध्वनि, प्रकाश, सूक्ष्म जलपान आदि की समुचित व्यवस्था की जाएगी। सीडीओ ने अपर जिलाधिकारी प्रशासन तथा जिला पंचायत राज अधिकारी मेरठ को जनपद के श्रीराम मंदिर, श्री हनुमान मंदिर, श्री वाल्मीकि मंदिर तथा रामायण से संबंधित अन्य मंदिरों का पता, फोटो, जीपीएस लोकेशन, मंदिर प्रबंधक का नाम एवं दूरभाष नंबर, मंदिर में आयोजित कार्यक्रम की तिथि, कलाकार का नाम, दूरभाष नंबर आदि की सूचना तैयार कर क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी मेरठ को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा मेरठ के अन्य मंदिरों में भी 22 जनवरी को भव्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
हिन्दुस्थान समाचार/ डॉ. कुलदीप/सियाराम
[ad_2]