[ad_1]

सुलतानपुर,10 जनवरी(हि.स.)। श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन में सुलतानपुर जिले के बलिदानी स्व.राम बहादुर वर्मा के परिजनों को आरएसएस के प्रान्त प्रचारक रमेश ने प्राण-प्रतिष्ठा का निमंत्रण दिया। परिजनों ने कहा आज हम धन्य हो गए। सार्थक हो गया शहीद होना।
उल्लेखनीय है कि श्रीरामजन्मभूमि मंदिर आंदोलन के दौरान 30 अक्टूबर 1990 को श्रीराम जन्मभूमि की छत पर गोली लगने से कारसेवक राम बहादुर वर्मा शहीद हो गए थे।
संघ और विहिप पदाधिकारियों ने इस बात को श्रीराम जन्मभूमि ट्रस्ट के आयोजकों तक पहुंचाई तो उनका भी नाम सूची में आया। बुधवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत प्रचारक रमेश कुमार ने जयसिंहपुर तहसील के पुरुषोत्तमपुर निवासी शहीद कारसेवक स्व.राम बहादुर वर्मा के घर पहुंचे और उनके परिजनों को प्राण—प्रतिष्ठा का आमंत्रण दिया।
इस मौके पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग संघचालक डॉ.ए.के.सिंह एवं विभाग प्रचारक श्रीप्रकाश मौजूद रहे।
ज्ञातव्य हो कि अयोध्या में विवादित स्थल पर कारसेवा 1992 से पहले 1990 में भी हुई थी,जिसमें देश से तमाम लोग वहां पहुंचे थे। सुलतानपुर के राम बहादुर वर्मा भी कारसेवा के लिए अयोध्या पहुंचे थे। राम भक्तों का जत्था विवादित स्थल की तरफ कूच कर रहा था,तभी फोर्स ने गोली चला दी। 30 अक्टूबर 1990 को कारसेवा के दौरान राम बहादुर वर्मा के सिर में गोली लगी थी। 12 दिन फैजाबाद के अस्पताल में उनका इलाज चला,फिर यहां से उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया गया। लगभग ढाई महीने इलाज के बाद 3 जनवरी,1991 को उनकी मृत्यु हो गई थी। गांव में उनकी समाधि बनी है।
हिन्दुस्थान समाचार/दयाशंकर
/राजेश
[ad_2]