[ad_1]

हरिद्वार, 25 मार्च (हि.स.)। शहर कोतवाली क्षेत्र में एक होटल प्रबंधक के खिलाफ विदेशी पंजीकरण कार्यालय में बिना सूचना दिए बांग्लादेशी नागरिकों को ठहराने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस ने स्थानीय खुफिया इकाई की शिकायत पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय खुफिया इकाई उप यूनिट नगर कोतवाली के मुख्य आरक्षी मंशा राम ने तहरीर देकर बताया कि उनकी टीम ने होटल ध्रुवनंदा श्रवणनाथ नगर में चेकिंग की थी। चेकिंग के दौरान सामने आया कि कमरा नंबर 201 में 17 और 18 फरवरी को बांग्लादेश के नागरिक साजिब विश्वास, पूजा रानी सरकार, शहा मेघला को होटल में कमरा दिया गया है। सभी लोग बांग्लादेश के नागरिक थे। इसलिए नियमानुसार होटल प्रबंधक को 24 घंटे के भीतर इसकी सूचना विदेशी पंजीकरण अधिकारी कार्यालय हरिद्वार को उपलब्ध करानी थी।
होटल प्रबंधक निक्की शर्मा ने इसकी सूचना नहीं दी। कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि होटल प्रबंधक निक्की शर्मा के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
हिन्दुस्थानसमाचार/रजनीकांत/रामानुज