[ad_1]

कानपुर, 20 मार्च (हि.स.)। जनपद के थाना सेन पश्चिम पारा अंतर्गत एक घर में आग लगने से मौसेरे भाईयों की जिंदा जलकर मौत हो गई। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल पर जांच पड़ताल करते हुए साक्ष्य जुटाए। मौके पर पहुंचे अपर पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था ने भी तफ्तीश की। पुलिस घटना के सही कारणों का पता लगाने में जुट गई है।
सेन पश्चिम पारा अंतर्गत ग्राम कासिगवा में रहने वाले अनिल (23) एवं राज पुत्र प्रेम कुमार (22) आपस में मौसेरे भाई थे। दोनों मोटरसाइकिल बनाने का काम करते थे। बीती रात अनिल अपने मौसी के लड़के राज के साथ अपने मकान में सोया रहा था। अज्ञात कारणों से घर में आग लग गई और दोनों सोते समय उसकी चपेट में आकर जिंदा जल गए और उनकी मृत्यु हो गई। आग देखकर परिजन और ग्रामीणों ने सूचना थाना पुलिस को दी। जानकारी प्राप्त होते ही मौके पर थाना प्रभारी सेन पश्चिम पारा द्वारा जाकर देखा गया तो मौसेरे भाईयों की जले हुए शव मिलें।
इस घटना की जानकारी मिलते ही बुधवार सुबह अपर पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था हरीश चन्दर व अन्य अधिकारीगण, थाने की फोर्स घटनास्थल पर पहुंची। अपर पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था ने घटना को लेकर बताया कि आग में जलकर दो युवकों की मौत हुई है। मौके का मुआयना फॉरेंसिक टीम द्वारा गहनता से कर लिया गया है। मौके पर नियमानुसार पंचायत नामा की कार्यवाही की गयी है। शव को कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम हेतु मोर्चरी भेज दिया गया है। परिजनों के द्वारा जो भी तहरीर दी जायेगी उसके आधार पर विधिक कार्यवाही अमल में लाई जायेगी।
हिन्दुस्थान समाचार/रामबहादुर
/मोहित