[ad_1]

धौलपुर , 13 मार्च (हि.स.)। धौलपुर जिला पुलिस द्वारा जिले के बाडी थाना इलाके में मंगलवार रात कार्रवाई करते हुए अवैध गांजे की एक बडी खेप पकडी है। बाडी थाना पुलिस एवं डीएसटी टीम द्वारा अवैध मादक पदार्थ गांजा की तस्करी के विरूद्ध की गई कार्रवाई में पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार करते हुए करीब 85 किलोग्राम अवैध गांजा जब्त किया है। पुलिस द्वारा जब्त किए गए गांजे की कीमत करीब बीस लाख रुपये बताई गई है।
जिला पुलिस अधीक्षक बृजेश ज्योति उपाध्याय ने बताया कि पुलिस को बाडी कस्बे में गांजे की अवैध सप्लाई पहुंचने के संबंध में सूचना मिली थी। इस सूचना पर बीती रात पुलिस ने बाडी कस्बे की राजपूत कालोनी में बड़ी कार्रवाई करते हुये एक मकान पर छापा मारा। इस दौरान पुलिस की टीम ने जमीन में प्लास्टिक के कट्टे में गढे हुए गांजे को जब्त किया। इसके साथ ही पुलिस टीम ने एक पेड के नीचे खुदाई करके तथा बोलेरो जीप में लदे कुल करीब 85 किलोग्राम गांजे एवं बोलेरो गाडी को जब्त किया। इस संबंध में पुलिस ने एक आरोपित जीतेन्द्र सिंह उर्फ जीतू ठाकुर निवासी राजपूत कालोनी सन्त नगर रोड बाडी थाना बाडी जिला धौलपुर को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपी जीतेन्द्र उर्फ जीतू ने बताया कि वह बीते करीब आठ साल से अवैध मादक पदार्थ गांजा खरीद एवं बेचने की तस्करी कर रहा है। उसे इस मादक पदार्थ गांजा की सप्लाई अनूप सिंह उर्फ भूरा राजपूत निवासी मेवली आगरा यूपी एवं बोबी खान निवासी बगचौली लोधा थाना मनियां जिला धौलपुर करते हैं। करीब तीन दिन पूर्व ही दोनों व्यक्ति उसे अवैध मादक पदार्थ गांजा देकर गए हैं। आरोपित जीतू के मुताबिक उसके साथ उसके पिता बजरंग सिंह एवं छोटा भाई शैलेन्द्र सिंह भी अवैध गांजे की तस्करी का काम करते हैं। एसपी ने बताया कि जीतू से की गई पूछताछ के आधार पर आगरा एवं मनियां के लिए पुलिस टीम रवाना की गई हैं। इस संबंध में अवैध गांजा तस्करी के पूरे नेटवर्क की पडताल करके इसमें संलिप्त सभी आरोपितों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार/ प्रदीप/संदीप