[ad_1]

बेतिया, 13 मार्च (हि.स.)। पश्चिम चंपारण ज़िला मे स्थित शिकारपुर थाना पुलिस ने मंगलवार की रात्रि में हरदिया चौक नहर के समीप से 10 किलो चरस के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार चरस तस्कर की पहचान ज़िला स्थित रामनगर थाना के बरगजवा गांव निवासी मो सगीर के रूप में हुई है। जब्त चरस की अंतराष्ट्रीय कीमत लगभग दो करोड़ रुपए बताई जा रही है। एसडीपीओ जयप्रकाश सिंह ने बताया कि रात्रि गश्ती के दौरान हरदिया चौक नगर के समीप पुलिस गाड़ी देखते ही तस्कर नहर के रास्ते भागने लगा।पुलिस को शंका होने पर उसे खदेड़कर पकड़ा गया।उसके पिट्ठू बैग की जांच में चरस की बरामदगी की गई।
पुलिस ने बताया कि पूछताछ में तस्कर ने खुलासा किया है कि वह दिल्ली के बेगमपुर थाना के रोहिणी सेक्टर 22 में रहता है। नेपाल से चरस की खरीददारी कर वह दिल्ली में अन्य तस्करों को चरस बेचता है।
उन्होंने बताया कि उसने अपने अन्य साथियों के नाम का भी खुलासा किया है।हालांकि एसडीपीओ ने अन्य तस्करों के नामों के खुलासे से परहेज करते हुए बताया कि चरस के धंधे में शामिल अन्य तस्करों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / अमानुल हक़