[ad_1]

इंदौर, 11 मार्च (हि.स.)। संभाग के दूरस्थ अंचलों में बसे ग्रामीणों तक चिकित्सा सुविधा मुहैया कराने के उद्देश्य से निरंतर निशुल्क वृहद स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी सिलसिले में बुरहानपुर जिले के ग्राम खकनार में आज (सोमवार को) निशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जा रहा है।
शिविर के प्रभारी डॉ. देव कृष्ण शर्मा ने बताया कि स्वास्थ्य शिविर में मेडिकल कॉलेज इंदौर से 75 चिकित्सा विशेषज्ञ और मेडिकल कॉलेज खंडवा से 62 चिकित्सा विशेषज्ञ अपनी सेवाएं देंगे। इसके साथ ही अरबिंदो हॉस्पिटल इंदौर सहित अन्य प्राइवेट हॉस्पिटल के चिकित्सक भी इस शिविर में अपनी सेवाएं देंगे।
उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य शिविर में कार्डियोलॉजी, न्युरोलॉजिस्ट, जनरल मेडिसीन, जनरल फिजिशन, जनरल एण्ड लेप्रोस्कोपिक सर्जन, जनरल सर्जरी, शिशु रोग, बाल हृदय रोग, गेस्ट्रोलॉजी, नाक कान गला रोग, रेडियाथेरेपी, रेडियोडायग्नोसिस, स्त्री रोग विशेषज्ञ, हड्डी रोग विशेषज्ञ, नेत्र रोग, दन्त रोग, मानसिक रोग, चर्म रोग, क्षय रोग जैसे विभागों के चिकित्सकों द्वारा इन रोगों के मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उपचार किया जाएगा। साथ ही मरीजों को एक्स-रे, ई.सी.जी., सोनोग्राफी, पेथालॉजी जांच, सिकल सेल जांच की सुविधा भी निःशुल्क उपलब्ध होगी।
स्वास्थ्य शिविर में स्वास्थ्य परीक्षण के साथ-साथ आम नागरिकों को स्वास्थ्य सुविधाएं जैसे हैल्थ आईडी व पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड भी बनाए जाएंगे। शिविर में रक्तदान करने के लिए भी काउंटर बनाया गया है, जहां नागरिक अपना रक्तदान कर सकता हैं। साथ ही स्वास्थ्य प्रदर्शनी के माध्यम से स्वास्थ्य योजनाओं व स्वास्थ्य कार्यक्रम की जानकारी भी दी जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश / उमेद