[ad_1]

गुवाहाटी (असम), 10 मार्च (हि.स.)। बजाली जिला कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष समेत बड़ी संख्या में राज्य के विभिन्न जिलों से पहुंचे युवा कांग्रेस, एनएसयूआई तथा पार्टी के अनुसूचित जनजाति मोर्चा के डेढ़ सौ से अधिक लोग आज भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए। प्रदेश भाजपा मुख्यालय अटल बिहारी वाजपेयी भवन में आयोजित एक भव्य समारोह के दौरान प्रदेश अध्यक्ष भवेश कलिता ने नवागंतुक सदस्यों का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर अपने संबोधन में प्रवेश कलिता ने कहा कि नए सदस्यों के आगमन से पार्टी को और अधिक विस्तार मिलेगा और आने वाले दिनों में भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा को और भी प्रखरता से लागू किया जा सकेगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 10 वर्षों के शासनकाल में भारत जहां विश्व स्तर पर अपना परचम लहराने में सक्षम रहा है, वहीं हर मोर्चे पर देश का विकास हो रहा है। उन्होंने कहा कि चाहे वह स्वास्थ्य का क्षेत्र हो या फिर शिक्षा का, रोजगार का हो या इंफ्रास्ट्रक्चर का- हर मोर्चे पर देश को मजबूती मिली है।
उन्होंने कहा कि आज प्रधानमंत्री द्वारा महिला, युवा, श्रमिक तथा कृषक- चारों को सम्मान से जीने का हक दिलाने की कोशिश की गई है। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं आत्मनिर्भर हो रही हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा ही हिंदुओं और मुसलमानों को लड़ाकर ब्रिटिश की तरह डिवाइड एंड रूल करती रही है।
उन्होंने कहा कि उनके आयु में अब तक कोई प्रधानमंत्री काजीरंगा में जाकर नहीं ठहरा था। कांग्रेस नेता मनमोहन सिंह गुवाहाटी से राज्यसभा का सांसद होकर 10 वर्षों के लिए प्रधानमंत्री बने, लेकिन ऐसा एक भी कहीं पत्थर नहीं है जिसपर उनका नाम लिखा हुआ हो। कहीं एक विश्वविद्यालय या एक कहीं अस्पताल या कोई ब्रह्मपुत्र पर पुल, ऐसा कुछ भी नहीं है जो मनमोहन सिंह ने असम को दिया हो। वहीं, नरेन्द्र मोदी गुजरात का मुख्यमंत्री होते हुए उत्तर प्रदेश के वाराणसी से चुनाव लड़े। न सिर्फ मोदी ने वाराणसी की सूरत बदल डाली, बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश में बदलाव लाने की कोशिशें की।
आज लंबे संघर्ष के बाद भले ही कोर्ट से राम मंदिर निर्माण का रास्ता प्रशस्त हुआ हो, लेकिन इसके निर्माण का श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को ही जाता है।
अपने संबोधन में भाजपा अध्यक्ष कलिता ने पूर्वोत्तर से लेकर कश्मीर तक नरेन्द्र मोदी द्वारा किए गए एक से बढ़कर एक कार्यों की चर्चा की। उन्होंने धारा 370 की भी इस दौरान चर्चा की।
कार्यक्रम के दौरान भारतीय जनता पार्टी की परंपरागत टोपी और मफलर पहनाकर पार्टी में नवागंतुकों को सदस्यता दिलाई गई।
हिन्दुस्थान समाचार /श्रीप्रकाश/अरविंद