[ad_1]

भोपाल, 9 मार्च (हि.स.)। उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल आज (शनिवार को) रीवा के जिले के प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वे जिले में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। यह जानकारी जनसम्पर्क अधिकारी उमेश तिवारी ने दी।
उन्होंने बताया कि शासकीय कन्या महाविद्यालय के नवीन भवन में रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल प्रात: 10.30 बजे इस रोजगार मेले का शुभारंभ करेंगे। समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में सांसद जनार्दन मिश्र, नगर निगम अध्यक्ष व्यंकटेश पाण्डेय, क्षेत्रीय संचालक उच्च शिक्षा डॉ आरपी सिंह उपस्थित रहेंगे।
प्राचार्य डॉ विभा श्रीवास्तव ने बताया कि रोजगार मेले के साथ वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह भी आयोजन किया जा रहा है। इस रोजगार मेले का आयोजन विशेष तौर पर छात्राओं के लिए किया जा रहा है। इस रोजगार मेले में विभिन्न संस्थाएं शामिल होंगी, जिनमें वर्क टुगेदर रीवा, आईसेक्ट रीवा, प्रगतिशील एग्रोटेक, अर्बन एण्ड रूरल इंश्योरेंस मार्केटिंग प्राइवेट लिमिटेड, गैवीनाथ कृषक प्रोड्यूसर लिमिटेड सतना, बजाज आलियांज रीवा सहित अन्य कंपनियां शामिल हैं। रोजगार मेले में 400 से अधिक छात्राओं को रोजगार के अवसर देने का लक्ष्य रखा गया है। रोजगार मेले का आयोजन विवेकानंद कॅरियर मार्गदर्शन योजना के तहत किया जा रहा है।
उप मुख्यमंत्री शासकीय सुदर्शन कुमारी कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पाण्डेन टोला में नव निर्मित 10 अतिरिक्त कक्षों का लोकार्पण करेंगे। लोकार्पण समारोह शाम 4.30 बजे आरंभ होगा। समारोह की अध्यक्षता सांसद जनार्दन मिश्र करेंगे। समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में नगर निगम अध्यक्ष व्यंकटेश पाण्डेय, कलेक्टर प्रतिभा पाल तथा वार्ड पार्षद अख्तर अली मुन्ना भैया शामिल होंगे। अतिरिक्त कक्षों का निर्माण जिला खनिज न्यास मद से स्वीकृत राशि से कराया गया है।
रतहरा तालाब का लोकार्पण
उप मुख्यमंत्री शुक्ल रतहरा तालाब के सौन्दर्यीकरण कार्यों का लोकार्पण करेंगे। लोकार्पण समारोह शाम 5.30 बजे आरंभ होगा। समारोह की अध्यक्षता सांसद जनार्दन मिश्र करेंगे। समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में नगर निगम अध्यक्ष व्यंकटेश पाण्डेय, कमिश्नर गोपालचन्द्र डाड, कलेक्टर प्रतिभा पाल तथा वार्ड पार्षद नीतू अशोक पटेल शामिल होंगी। रतहरा तालाब का सौन्दर्यीकरण कार्य पुनर्घनत्वीकरण योजना के तहत कराया गया है। इसमें तालाब के सुदृढ़ीकरण, बाउन्ड्रीवाल निर्माण, पार्किंग निर्माण, फूड जोन, वृक्षारोपण, शौचालय निर्माण सहित अनेक कार्य शामिल हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश