[ad_1]

जींद, 8 मार्च (हि.स.)। इनेलो की राष्ट्रीय व राज्य कार्यकारिणी की बैठक शुक्रवार को गोहाना रोड स्थित एक निजी होटल में संपन्न हुई। बैठक में प्रदेशभर से पार्टी के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। बैठक में मुख्य वक्ता के तौर पर हरियाणा प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला व ऐलनाबाद के विधायक एवं राष्ट्रीय प्रधान महासचिव अभय सिंह चौटाला ने शिरकत की।
बैठक में सर्व प्रथम पार्टी के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष स्व. नफे सिंह राठी की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन धारण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इनेलो सुप्रीमो ओम प्रकाश चौटाला ने कहा कि आज प्रदेश में सरकार नाम की कोई चीज नहीं है। कानून व्यवस्था का दिवाला पिटा हुआ है और अराजक तत्व सरेआम लोगों को मौत के घाट उतार रहे हैं, उनमें कानून का कोई भय नहीं है। प्रदेश की जनता परेशान है, युवा रोजगार न मिलने के कारण विदेशों की तरफ रुख कर रहे हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य का बुरा हाल है।
उन्होंने कहा कि इनेलो की सरकार बनने पर प्रदेश की व्यवस्था को पटरी पर लाया जाएगा। पार्टी के विभिन्न नेताओं द्वारा बेरोजगारी, अपराध, फसल, मुआवजा आदि के संबंध में प्रस्ताव रखे गए, जिसको सभी कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों ने हाथ खड़े करके पास करवाया।
इनेलो लोकसभा चुनाव के लिए तैयार : अभय सिंह चौटाला
ऐलनाबाद के विधायक अभय सिंह चौटाला ने कहा कि इनेलो लोकसभा चनाव के लिए पूर्ण रूप से तैयार है। पार्टी दस की दस लोकसभा सीटों पर मजबूती के साथ चुनाव लड़ेगी। उम्मीदवारों के चयन के लिए पीएसी कमेटी में कई दौर की चर्चा हो चुकी है और सभी सीटों पर चार-चार, पांच-पांच नामों का पैनल प्राप्त हुआ है। अब उम्मीदवारों की फाइनल चयन प्रक्रिया के लिए राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रकाश भारती की अध्यक्षता में पांच सदस्यों की कमेटी का गठन किया है। इसमें पूर्व मंत्री श्याम सिंह राणा, राष्ट्रीय प्रवक्ता उमेद सिंह लोहान, पूर्व विधायक नरेश शर्मा, एडवोकेट जसबीर ढिल्लों को शामिल किया गया है। यह कमेटी तीन दिन के अंदर सभी लोकसभा सीटों का दौरा करके अपनी रिपोर्ट देगी। पार्टी सुप्रीमो ओम प्रकाश चौटाला की सहमति से जल्द ही उम्मीद्वारों का घोषणा कर दी जाएगी।
इनेलो प्रदेशाध्यक्ष की नियुक्ति का जिम्मा ओपी चौटाला पर
अभय सिंह चौटाला ने पार्टी का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त करने बारे उपस्थित कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों से सलाह मांगी तो सभी ने सर्वसम्मति से इसके लिए पार्टी सुप्रीमो ओम प्रकाश चौटाला को अधिकृत कर दिया। सभी ने एक आवाज में कहा कि इनेलो सुप्रीमो जो भी फैसला करेंगे वो सबको मान्य होगा।
हिन्दुस्थान समाचार/ विजेंद्र/सुमन/दधिबल