[ad_1]

भोपाल, 6 मार्च (हि.स.)। इंदौर में गुरुवार, 7 मार्च को परम्परागत वेषभूषा (साड़ी) में महिलाओं की वॉकेथान होगी। इस वन भारत वॉकेथान में 25 हजार से अधिक महिलाएं साड़ी पहनकर शामिल होंगी। इस अनूठे और अभिनव आयोजन की व्यापक तैयारियां जारी है। प्रदेश के कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिलीप सिंह जायसवाल गुरुवार को इंदौर प्रवास के दौरान वन भारत साड़ी वॉकथान में शामिल होंगे। यह जानकारी बुधवार को जनसम्पर्क अधिकारी घनश्याम सिरसाम ने दी।
उन्होंने बताया कि यह वॉकेथान शाम चार बजे से प्रारंभ होगी। नेहरू स्टेडियम से प्रारंभ होकर पुन: नेहरू स्टेडियम में ही सम्पन्न होगी। राज्यमंत्री जायसवाल गुरुवार को इंदौर प्रवास के दौरान दोपहर में स्थानीय कार्यक्रमों में शामिल होंगे। शाम 5:30 बजे से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ इंदौर में आयोजित वन भारत साड़ी वॉकथान कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे। राज्यमंत्री रात 11:30 बजे इंदौर से ट्रेन द्वारा कटनी के लिये प्रस्थान करेंगे। आठ मार्च को कटनी से रवाना होकर अनूपपुर जिले के ग्राम बिजुरी पहुँचेंगे एवं यहां स्थानीय कार्यक्रमों में भाग लेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश/नेहा