[ad_1]

पलवल, 28 फ़रवरी (हि.स.)। होडल में लूट के मामले में पूछताछ करने पहुंची सीआईए की टीम पर पथराव कर दिया गया। हमलावरों ने सरकारी वाहन में भी तोड़फोड़ की। होडल थाना पुलिस ने सीआईए प्रभारी की शिकायत पर आठ नामजद सहित करीब 17 लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
सीआईए प्रभारी रविंद्र कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि वह अपनी टीम के साथ होडल में दुकान पर हुई लूट के आरोपियों की तलाश में गए थे। उसी दौरान मुखबिर ने सूचना दी कि भुलवाना गांव निवासी राहुल व मनीष लूटपाट करते हैं, उनसे पूछताछ की जाए तो लूट का मामला खुल सकता है।
इस सूचना पर उनकी टीम भुलवाना गांव में राहुल व मनीष के घर पूछताछ के लिए पहुंची तो वहां काफी महिला-पुरुष एकत्रित हो गए। जिनमें गांव निवासी विशाल, अमित, अनिल, रामकिशन, लालाराम, सुखराम व 4-5 लडक़े और 4-5 महिलाएं शामिल थे। जिन्होंने राहुल व मनीष से पूछताछ करने से पहले ही सीआईए टीम के साथ गाली-गलौच शुरू कर दी।
आरोप है कि मनीष व राहुल ने उक्त लोगों के साथ मिलकर पुलिस कर्मियों के साथ हाथापाई करने लगे। पुलिस कर्मियों ने विरोध किया तो आरोपियों ने ईंट-पत्थरों से हमला कर कई पुलिस कर्मियों को गुम चोटें पहुंचाते हुए उनकी गाड़ी को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। पुलिस टीम वहां से जैसे-तैसे अपनी जान बचाकर भागी तो आगे 10-15 महिला-पुरुषों ने दोबारा गाड़ी का रास्ता रोकने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस कर्मी वहां से बचकर भागने लगे तो हमलावरों ने जान से मारने की धमकी दी।
होडल थाना प्रभारी उमर मोहम्मद ने बुधवार को जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस ने उक्त सभी आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश के लिए दबिश शुरू कर दी है। अभी तक किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं नहीं किया गया है, जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार/ गुरुदत्त