[ad_1]

हिसार, 22 फरवरी (हि.स.)। सदर पुलिस ने 32 लाख से अधिक की ठगी के मामले में दिल्ली के जहांगीरपुरी निवासी महिला को मेरठ से गिरफ्तार किया है। उस पर 32 लाख एक हजार 819 रुपए की ठगी का आरोप है। गिरफ्तार महिला को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
जांच अधिकारी एएसआई गौतम ने गुरुवार को बताया कि इस संबंध में हिसार के आदर्श नगर निवासी ओमप्रकाश ने इलेक्ट्रॉनिक्स सामान का ऑर्डर देकर 32 लाख एक हजार 819 रूपये की ठगी के बारे में शिकायत दी थी। शिकायत में ओमप्रकाश ने बताया कि वह हिसार कैंट पर प्रकाश इलेक्ट्रॉनिक्स के नाम से दुकान चलाता है। शिकायत के अनुसार 5 अक्टूबर 2022 को उसके पास एक व्यक्ति का फोन आया और उसने बताया कि वे आईआरटीसी ऑफ रेलवे मंत्रालय के नाम से फर्म चलाते हैं और ऑनलाइन कोटेशन लेकर लोगों को टेंडर देते हैं। उन्होंने बताया कि वे रेलवे में मैटीरियल सप्लाई का काम करते हैं।
हिसार में भी रेलवे के लिए ठेका ले रखा है, वहां भी माल सप्लाई करना है। शिकायतकर्ता ने प्रकाश इलेक्ट्रॉनिक्स के वर्क्स के लेटर पैड पर एस्टीमेट सहित कोटेशन डाल दी। इस पर सामने से मैसेज आया कि आपकी कोटेशन अप्रूव हो गई है। शिकायतकर्ता ने अलग-अलग समय पर 32 लाख एक हजार 819 रुपए का सामान भेजा, जिसके बदले में उसे 19 लाख रुपए के 3 चेक दिए, जो बैंक में जमा करवाने उपरांत कैंसिल हो गए। शिकायतकर्ता द्वारा सामान के पैसे मांगने पर वह आनाकानी करता रहा।
एएसआई गौतम ने बताया कि पुलिस ने शिकायतकर्ता द्वारा दी गई शिकायत पर 12 नवंबर 2022 को सदर थाने में धोखाधड़ी की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी मनीषा ने अपने साथी करनाल निवासी प्रवीन के साथ मिलकर शिकायतकर्ता से इलेक्ट्रॉनिक्स का सामान मंगवा 32 लाख 1 हजार 819 रुपए की ठगी की। शिकायतकर्ता को दिए गए कोटक महिंद्रा के चेक मनीषा के अकाउंट के थे, जो बाद में कैंसल हो गए। आरोपी मनीषा और प्रवीन ने रेलवे मंत्रालय के झूठे कागजात तैयार करवाकर शिकायतकर्ता से इलेक्ट्रॉनिक्स का सामान मंगवा 32 लाख 1 हजार 819 रुपए की ठगी की। पुलिस ने इस संबंध में प्रवीण को पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया था।
हिन्दुस्थान समाचार/राजेश्वर/सुमन