[ad_1]

– एक माह के दौरान पौने 34 लाख उपभोक्ता लाभान्वित
– सबसे ज्यादा इंदौर जिले के 5.75 लाख उपभोक्ताओं को 23 करोड़ की सब्सिडी
इंदौर, 15 फरवरी (हि.स.)। मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी मप्र शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता वाली गृह ज्योति योजना का प्रभावी ढंग से क्रियान्वयन कर रही हैं। एक माह के दौरान मालवा निमाड़ में करीब 33 लाख 75 हजार उपभोक्ता लाभान्वित हुए हैं। इन उपभोक्ताओं प्रथम सौ यूनिट तक बिजली एक रुपये यूनिट की दर से प्रदान की गई है। इन उपभोक्ताओं को मप्र शासन की ओर से एक माह के दौरान कुल 153 करोड़ रूपए की सब्सिडी प्रदान की गई है।
उक्त जानकारी गुरुवार को मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी इंदौर के प्रबंध निदेशक अमित तोमर ने दी। उन्होंने बताया कि तीस दिन के दौरान 150 यूनिट व प्रतिदिन औसत पांच यूनिट की खपत वाले घरेलू उपभोक्ता इस योजना की पात्रता में आते है। बीते माह कंपनी क्षेत्र में पौने 34 लाख उपभोक्ता लाभान्वित हुए है। इसमें से करीब 21 लाख इंदौर राजस्व संभाग के व 12 लाख 75 हजार उज्जैन संभाग के है। इंदौर शहर में पौने चार लाख, इंदौर देहात में करीब दो लाख उपभोक्ता, इस तरह इंदौर जिले में कुल पौने छः लाख उपभोक्ता माह के दौरान गृह ज्योति योजना से लाभान्वित हुए है। इन्हें करीब 23 करोड़ की सब्सिडी दी गई है।
उज्जैन जिले में के 3.13 लाख,धार जिले में 3.10 लाख, खऱगोन जिले में 2.91लाख उपभोक्ता योजना से लाभान्वित हुए है । इसी तरह रतलाम जिले में 2.54 लाख, देवास जिले में 2.35 लाख, मंदसौर जिले में 2.31 लाख, बड़वानी जिले में 2.12 लाख, झाबुआ जिले में 2 लाख के करीब उपभोक्ताओं को सौ यूनिट तक बिजली का बिल 100 रुपये तक प्रदान कर सब्सिडी का लाभ दिया गया हैं।
प्रबंध निदेशक तोमर ने बताया कि अटल गृह ज्योति योजना के तहत सब्सिडी के लिए पात्र उपभोक्ताओं का जारी वित्तीय वर्ष में यह आंकड़ा सर्वाधिक है। कंपनी क्षेत्र में एक माह के दौरान गृह ज्योति योजना में करीब 33.75 लाख उपभोक्ताओं को 153 करोड़ रुपये की सब्सिडी दी गई है। इन उपभोक्ताओं को अधिकतम 560 रुपये माह की सब्सिडी प्रदान की जाती है। योजना के तहत प्रतिदिन अधिकतम 5 यूनिट खपत वाले घरेलू उपभोक्ता पात्रता में आते हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश