[ad_1]

ग्वालियर, 14 फरवरी (हि.स.)। ग्वालियर (मुरार) के सोना-चांदी व्यवसायी राहुल गोयल के सेल्समैन के साथ पुलिस थाना-बागचीनी जिला मुरैना में हुई लूट व डकैती की घटना सहित मुरैना शहर के सोना-चांदी व्यवसाई अतुल गुप्ता के साथ हुई 07 लाख की लूट, मोहना के सोना-चांदी व्यवसाई राकेश सोनी के साथ 28 जनवरी को हुई लूट की घटना एवं उपनगर ग्वालियर की न्यू कॉलोनी नं.02 में कृष्णा गुप्ता के यहां चोरी की घटना के विरोध में मप्र चेम्बर ऑफ कॉमर्स द्वारा चरणबद्ध आंदोलन चलाया जा रहा है, जिसके अंतर्गत मुरार सराफा बाजार में बुधवार को व्यापारियों द्वारा धरना दिया गया।
धरने को संबोधित करते हुए चेम्बर अध्यक्ष डॉ. प्रवीण अग्रवाल ने कहा कि यह आंदोलन व्यापारियों के हितों की रक्षा और सम्मान की रक्षा के लिए प्रारंभ किया गया है। उन्होंने कहा कि इन घटनाओं के विरोध में आंदोलन कर, हम ऐसी नजीर पेश करेंगे कि अपराधी भविष्य में व्यापारियों के साथ घटना घटित करने से पहले 10 बार सोचेंगे। धरना करने वालो में चेम्बर के मानसेवी सचिव दीपक अग्रवाल, ग्रेटर ग्वालियर सोना-चांदी व्यवसासयी संघ के अध्यक्ष-पारस जैन, पूर्व मानसेवी संयुक्त सचिव जगदीश मित्तल, पुरूषोत्तम जैन, जवाहर जैन, दीपक जैन, अभिषेक गोयल सन्नी, नेमीचंद जैन आदि उपस्थित रहे। इसी क्रम में गुरुवार को प्रात: 10 से 12 बजे तक उपनगर ग्वालियर के चौक बाजार में धरना दिया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार/शरद/मुकेश