[ad_1]

नई दिल्ली, 14 फ़रवरी (हि.स.)। राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग (एनसीएससी) के अध्यक्ष अरुण हलदर के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल गुरूवार (15 फरवरी) को पश्चिम बंगाल के संदेशखाली का दौरा करेगा। आयोग के मुताबिक हलदर और उनका दल कल पूर्वाह्न करीब 11 बजे उत्तर 24 परगना के संदेशखाली पहुंचेगा।
राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग का यह दल संदेशखाली में कथित तौर पर यौन उत्पीड़न से पीड़ित महिलाओं के परिजनों से मुलाकात करेगा। इसके साथ ही इस दल के सदस्य जिलाधिकारी तथा पुलिस अधीक्षक से भी मुलाकात करेंगे। एक दिन पहले राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग ने उत्तर 24 परगना के संदेशखाली की स्थिति पर स्थानीय प्रशासन से रिपोर्ट भी मांगी थी।
हाल ही में संदेशखाली में महिलाओं के यौन उत्पीड़न की खबरें सामने आने के बाद प्रदेश के राज्यपाल और राष्ट्रीय महिला आयोग की टीम ने वहां का दाैरा किया था। संदेशखाली की अनेक महिलाओं ने तृणमूल कांग्रेस के स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है। कुछ महिलाओं ने तो यहां तक बताया है कि तृणमूल कांग्रेस के स्थानीय कार्यालय में ही उनका यौन उत्पीड़न किया गया। इन घटनाओं के सामने आने और देश भर में चर्चा के बाद प्रदेश सरकार ने एक जांच कमेटी का भी गठन किया है।
हिन्दुस्थान समाचार/ बिरंचि सिंह/जितेन्द्र