Warning: Undefined array key "mode" in /home/azaannews/public_html/wp-content/plugins/sitespeaker-widget/sitespeaker.php on line 13
[ad_1]

झाबुआ, 10 फ़रवरी (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 11 फ़रवरी को झाबुआ के गोपालपुरा में आयोजित जनजातीय महा सम्मेलन में निमाड़ अंचल को बड़ी सौगात प्रदान करेंगे। प्रधानमंत्री द्वारा खरगोन में टंटिया मामा विश्वविद्यालय स्थापित किए जाने की घोषणा की जाएगी जिससे समूचे निमाड़ अंचल सहित समीपवर्ती जिलों में बेहतर शिक्षा सुविधा मिलेगी तथा विकास को भी नई गति मिलेगी। उक्त बात शनिवार को जिला मुख्यालय से लगभग तीन किलोमीटर दूर स्थित गोपालपुरा में 11 फरवरी को आयोजित जनजातीय सम्मेलन के पूर्व कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण करने आए प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कही।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खरगोन में विश्वविद्यालय की सौगात से निमाड़ क्षेत्र के खरगोन, खंडवा, बुरहानपुर, बड़वानी, अलीराजपुर सहित अन्य जिलों में शिक्षा के साथ ही विकास को भी नई गति प्राप्त हो सकेगी। उन्होंने कहा कि 11 फरवरी को झाबुआ की भूमि से नया इतिहास लिखा जाएगा, जो जनजातीय सहित सर्व समाज के लिए विकास के नए आयाम खोलेगा।
झाबुआ के करीब गोपालपुरा हवाई पट्टी पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने ग्राम गोपालपुरा में प्रस्तावित जनजातीय महा सम्मेलन कार्यक्रम की तैयारियों एवं प्रबंधों का निरीक्षण किया। गोपालपुरा पहुंचते ही मुख्यमंत्री डॉ यादव ने प्रदर्शनी स्थल, मंच, बैठक स्थल की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए।
मुख्यमंत्री द्वारा स्थल निरीक्षण के दौरान मध्यप्रदेश शासन में महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया, वन, पर्यावरण एवं अनुसूचित जाति विकास विभाग मंत्री नागरसिंह चौहान, सांसद गुमान सिंह डामोर, आईडीए इंदौर अध्यक्ष जयपाल सिंह चावड़ा, भाजपा के अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष कलसिंह भाबर, अध्यक्ष नगर पालिका कुक्षी रेलम चौहान सहित वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य जन उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार/ डॉ. उमेशचन्द्र शर्मा