[ad_1]

नई दिल्ली, 10 फ़रवरी (हि.स.)। राजौरी गार्डन इलाके में स्थित एक पार्क में शनिवार को एक युवक का शव लावारिस हालत में मिला। शव पर धारदार हथियार से हमले के निशान हैं। स्थानीय लोगों से सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने जांच में मृतक की पहचान 18 वर्षीय आलोक माथुर के रूप में की है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। पुलिस मृतक की किसी से पुरानी दुश्मनी इत्यादि के कोण से मृतक के दोस्तों व परिजनों से पूछताछ कर रही है। मामले में अन्य सभी कोणों से भी जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि राजौरी गार्डन थाने में शनिवार सुबह 08.45 बजे एक युवक के पार्क में अचेत हालत में पड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस को युवक मृत हालत में मिला। पुलिस का कहना है कि प्राथमिक जांच में पता चला कि युवक पर किसी धारदार हथियार से हमला किया गया है। फिलहाल मौत की सटीक वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल सकेगी। पुलिस ने जांच के दौरान मौके पर क्राइम व एफएसएल की टीम को भी बुला लिया। सभी ने मिलकर मौके से जरूरी सुराग जुटा लिए हैं। जिला पुलिस टीम पूरे मामले की जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार/ अश्वनी/प्रभात