[ad_1]

धौलपुर, 9 फ़रवरी (हि.स.)। राज्य पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर अपराधी एवं इनामी बदमाशों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान में धौलपुर जिला पुलिस को शुक्रवार को एक बड़ी सफलता मिली है। धौलपुर जिला पुलिस ने राजस्थान एवं मध्य प्रदेश के इनामी हार्डकोर बदमाश बंटू उर्फ गजेन्द्र को गिरफ्तार किया है। बदमाश बंटू उर्फ गजेंद्र की गिरफ्तारी पर धौलपुर पुलिस की ओर से 10 हजार तथा मध्यप्रदेश पुलिस की ओर से 30 हजार रुपये का इनाम घोषित है।
इनामी अपराधी बंटू उर्फ गजेंद्र के विरुद्व लूट, डकैती, हत्या का प्रयास व सरकारी कर्मचारियों से मारपीट जैसे करीब एक दर्जन मामले दर्ज हैं। पुलिस ने इनामी बदमाश के कब्जे से एक देशी तमंचा एवं दो कारतूस भी बरामद किए हैं। जिला पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि जिला पुलिस द्वारा वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाये जा रहे विशेष अभियान के दौरान शुक्रवार को पुलिस को इनामी बदमाश बंटू उर्फ गजेंद्र के मूवमेंट की सूचना मिली थी। इस सूचना पर कोतवाली पुलिस के एएसआई दिलीप सिंह की टीम ने इनामी अपराधी बंटू उर्फ गजेंद्र अपने गांव टुण्डे का पुरा से नीम बसई की ओर आते हुए धर दबोचा। एसपी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए इनामी बदमाश बंटू उर्फ गजेंद्र गुर्जर निवासी टुन्डे का पुरा मजरा मौरोली थाना कोतवाली धौलपुर के कब्जे से पुलिस टीम ने एक देशी तमंचा 315 बोर तथा 2 कारतूस बरामद किए हैं।
हिन्दुस्थान समाचार/ प्रदीप/संदीप