[ad_1]

जबलपुर, 2 फ़रवरी (हि.स.)। शहपुरा थाना अंतर्गत दिनदहाड़े दुग्ध सहकारी समिति के सचिव से बाइक सवार लुटेेरे 88 हजार रुपये छीनकर भाग गए। लूट की वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी की, लेकिन लुटेरों का कोई सुराग नहीं लगा। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरे के फुटेज भी निकाले हैं जिनसे आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
घटना के संबंध में बताया जाता है कि सहकारी दुग्ध संघ मर्यादित नटवारा के सचिव जुगल किशोर दोपहर में सेंट्रल बैंक शहपुरा से 88 हजार कैश निकालकर गांव की तरफ रवाना हुए थे। नटवारा बस स्टैंड पहुंचने के बाद वे पैदल ही जा रहे थे तभी पीछे से पल्सर बाइक पर आए अज्ञात लुटेरों ने इस घटना को अंजाम दिया एवं उनका रुपए से भरा बैग छीनकर भाग गए। जुगल किशोर ने बदमाशों को पकड़ने के लिए आवाज लगाई। मदद के लिए कुछ लोग मौके पर पहुंचे भी लेकिन तब तक लुटेरे भाग चुके थे। वारदात के बाद क्षेत्र में चर्चा है कि किसी परिचित व्यक्ति ने ही लूट की वारदात को अंजाम दिया है। लुटेरों को पता था कि जुगल किशोर सप्ताह में एक दिन बैंक से रकम लेकर घर आते हैं। रैकी करने के बाद ही वारदात को अंजाम दिया गया है। शहपुरा थाना प्रभारी पूर्वा चौरसिया ने पीड़ित बुजुर्ग से रकम एवं घटना के संबंध में सिलेसिलेवार पूछताछ की है एवं लुटेरों की तलाश की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार/विलोक पाठक