[ad_1]

रीवा, 30 जनवरी (हि.स.)। धान उपार्जन के दौरान गत दिनों जिला स्तरीय अधिकारियों द्वारा खरीदी केन्द्रों का लगातार निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कई केन्द्रों में गंभीर अनियमितताएं पाई गईं। जिसके कारण कलेक्टर प्रतिभा पाल ने अधिकारियों के निरीक्षण प्रतिवेदन आधार पर दो खरीदी केन्द्र प्रभारी एवं समिति प्रबंधकों को कारण बताओ नोटिस दिया है।
कलेक्टर द्वारा मंगलवार को जारी अलग-अलग नोटिस में कहा गया है कि समिति प्रबंधक विपणन सहकारी समिति सेमरिया के खरीदी केन्द्र सतगुरू वेयरहाउस सेमरिया का निरीक्षण करने पर कई अनियमितताएं पाई गईं। खरीदी केन्द्र में किसानों के लिए आवश्यक सुविधाएं नहीं मिलीं। धान की बोरियों की रैण्डम तौल करने पर मानक से कम मात्रा में धान पाई गई। भण्डारण के लिए तैयार बोरे में लगे टैग पर किसान का पंजीयन कोड अंकित नहीं पाया गया। धान की खरीदी केन्द्र के स्थान पर गोदाम के अंदर संपन्न की जा रही थी।
इसी तरह सेवा सहकारी समिति भमरा द्वारा उपार्जन केन्द्र सदगुरू वेयरहाउस सेमरिया का निरीक्षण करने पर भी कई अनियमितताएं पाई गईं। खरीदी केन्द्र परिसर में 6 हजार क्विंटल उपार्जित धान की बोरियाँ बिखरी हुई पाई गईं। इनकी स्टैगिंग नहीं की गई थी। केन्द्र में तौल के लिए लगाए गए उपकरणों में नापतौल विभाग का सत्यापन नहीं पाया गया। बोरियों की रैण्डम तौल में निर्धारित मात्रा से कम मात्रा में धान पाई गई। इन सभी को गंभीर अनियमितता तथा उपार्जन नीति की कण्डिकाओं का उल्लंघन मानते हुए नोटिस जारी किया गया है। नोटिस का तीन दिन की समय सीमा में संतोषजनक उत्तर प्राप्त न होने पर संबंधित समिति को उपार्जन से ब्लैक लिस्ट करने, संस्था को प्राप्त होने वाले मूवमेंट व्यय में कटौती तथा अभियोजन की कार्यवाही की जाएगी।
कलेक्टर ने स्वसहायता समूह अध्यक्ष को दिया नोटिस
वहीं, समर्थन मूल्य में धान उपार्जन का कार्य सहकारी समितियों के साथ-साथ स्वसहायता समूहों के माध्यम से कराया गया। जिला स्तरीय अधिकारियों के खरीदी केन्द्रों के निरीक्षण के दौरान स्वसहायता समूह में गंभीर अनियमितताएं पाई गईं। कलेक्टर प्रतिभा पाल ने स्वसहायता समूह के अध्यक्ष को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
जारी नोटिस के अनुसार गत 17 जनवरी को कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी द्वारा खरीदी केन्द्र पथरहा का निरीक्षण किया गया। इसका संचालन जय रोशन स्वसहायता समूह पथरहा द्वारा किया जा रहा था। निरीक्षण में पाया गया कि खरीदी केन्द्र निर्धारित स्थल पथरहा में नहीं बनाया गया है। उसके स्थान पर ग्राम महुआ में खरीदी की जा रही थी। खरीदी केन्द्र में बिना सूचना दिए मनमाने तरीके से परिवर्तन करने पर समूह के अध्यक्ष तथा खरीदी केन्द्र प्रभारी को कारण बताओ नोटिस दिया गया है। नोटिस का तय समय सीमा में संतोषजनक उत्तर प्राप्त न होने पर समूह को ब्लैक लिस्टेड करने, जमा की गई सुरक्षा निधि 10 लाख रुपये को राजसात करने तथा अभियोजन की कार्यवाही की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश