[ad_1]

-सेमीफाइनल की विजेता नूना माजरा व लोवा खुर्द के बीच होना था फाइनल मुकाबला
-दोनों टीमों को 71-71 हजार का दिया गया इनाम
-नूना माजरा के शहीद राजेश जून स्टेडियम में हुई 48वीं पंचायती फुटबाल प्रतियोगिता
झज्जर, 29 जनवरी (हि.स.)। नूना माजरा के शहीद राजेश जून स्टेडियम में हुई 48वीं पंचायती फुटबाल प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला रविवार को देर रात होने की वजह से नहीं हो पाया। इससे फाइनल में पहुंची दोनों टीमों को बराबर इनाम देकर विजयी घोषित किया गया। सेमीफाइनल मुकाबला डाबौदा व लोवा खुर्द और फतेहाबाद जिले के भूना व नूना माजरा की टीमों के बीच खेला गया। इसमें नूना माजरा और लोवा खुर्द की टीम विजयी रही। दोनों टीम फाइनल में पहुंचीं मगर अंधेरा होने के कारण दोनों को बराबरी का इनाम दिया गया।
जिला फुटबाल एसोसिएशन के सचिव सुरेश जून ने सोमवार को बताया कि यह प्रतियोगिता 25 से 28 जनवरी तक हुई। रविवार को दोपहर के समय सेमीफाइनल मुकाबला डाबौदा व लोवा खुर्द और भूना फतेहाबाद व नूना माजरा के बीच खेला गया। इसमें डाबौदा व लोवा खुर्द की टीमों ने एक-एक गोल किया। जबकि टाई ब्रेकर में 5-6 से लोवा खुर्द विजेता बनी।
वहीं नूना माजरा की टीम ने 1-0 से यह मुकाबला अपने नाम किया और फाइनल में प्रवेश किया। इस तरह नूना माजरा और लोवा खुर्द की टीम फाइनल में पहुंच पाई। हालांकि दोनों टीमों के बीच रविवार को रात के समय मुकाबला होना था, लेकिन अंधेरा और समय ज्यादा होने की वजह से यह मैच नहीं हो पाया और आयोजकों ने दोनों टीमों को बराबरी का इनाम देकर विजयी घोषित कर दिया। प्रतियोगिता में पहला इनाम 71 हजार तो दूसरा 51 हजार का था, लेकिन दोनों टीमों को 71-71 हजार का इनाम दिया गया। प्रतियोगिता के दौरान खेल समिति प्रधान मंजू, दीपक जून, संदीप जून, नीरज जून, अमित, सरकारी कोच प्रदीप कुमार, मनीषा, सुदर्शन कुमार व मोहित जून मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार/ शील/संजीव