[ad_1]

उत्तर 24 परगना, 29 जनवरी (हि.स.)। पुलिस की बर्बरता के विरोध में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सुकांत मजूमदार सोमवार दोपहर बाद टीटागढ़ थाने के सामने अपने साथियों के साथ धरने पर बैठ गए।
दरअसल सोमवार को बैरकपुर कमिश्नरेट क्षेत्र में कानून व्यवस्था की ”बिगड़ती” स्थिति के विरोध में भाजपा की रैली को लेकर जोरदार हंगामा हुआ। इस दिन, जब बैरकपुर के लालकुठी से घोषपाड़ा रोड होते हुए भाजपा का जुलूस चिड़िया मोड़-बीटी रोड जंक्शन पर पहुंचा और बवाल शुरू हो गया। भाजपा की रैली को लेकर पुलिस की ओर से सुबह से ही तैयारी की गई थी, ताकि भाजपा का जुलूस बैरिकेडिंग न तोड़ सके। सुकांत मजूमदार के नेतृत्व में सीपी कार्यालय अभियान का कार्यक्रम था। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ता बैरिकेडिंग तोड़कर अंदर घुस गए। बैरकपुर में बीटी रोड पर पुलिस आयुक्त कार्यालय के सामने बांस के ऊंचे बैरिकेड लगाए गए थे। आरोप है कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने उस बैरिकेड के ऊपर से घुसने की कोशिश की। पुलिस ने बार-बार माइक से कहा कि मार्च करने वाले कानून न तोड़ें। आरोप है कि इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुलिस पर ईंट पत्थर भी चलाए। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में पानी की बौछारें, लाठियां और आंसू गैस के गोले छोड़े। कुछ देर के लिए बीटी रोड पर यातायात अवरुद्ध हो गया। पुलिस पर हमला करने के आरोप में कई भाजपा कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया है। हिन्दुस्थान समाचार /धनंजय /गंगा