[ad_1]

धौलपुर , 25 जनवरी (हि.स.)। वांछित एवं इनामी अपराधियों की धरपकड के लिए चलाए जा रहे अभियान में गुरुवार सुबह एक बडी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो इनामी डकैत अजीत ठाकुर एवं कल्याण ठाकुर को गिरफ्तार किया है। सैपउ थाना इलाके में बीते दिनों एक पेट्रोल पंप पर अवैध वसूली को लेकर दिनदहाडे फायरिंग के मामले में पुलिस को इन दोनों डकैतों की तलाश थी। इन डकैतों की गिरफ्तारी पर 25-25 हजार का इनाम घोषित है तथा इनके कब्जे से पिस्टल एवं कारतूस बरामद किए गए हैं।
जिला पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि सैपऊ में गत दिनों दिन दहाडे पेट्रोल पंप पर हुई डकैती की घटना एवं कंचनपुर में पुलिस टीम पर फायरिंग कर फरार चल रहे डकैत अजीत ठाकुर निवासी रतनपुर थाना बसेडी एवं डकैत कल्याण ठाकुर निवासी मुरावली थाना कंचनपुर जिला धौलपुर को पुलिस ने सरमथुरा के डोमई के जंगल में गुरुवार सुबह एक मुठभेड में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से अवैध हथियार एक पिस्टल, एक देशी कट्टा एवं 8 कारतूस बरामद किए हैं। मुठभेड के दौरान भागते समय दोनों को पैर में चोट आई है तथा उन्हें उपचार के लिए सरमथुरा के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उक्त दोनों अपराधियों के विरूद्ध डकैती, हत्या का प्रयास, अपहरण, उधापन, आमजन में भय राजकार्य में बाधा, चौथ वसूली एवं अवैध हथियार जैसे संगीन करीब 3 दर्जन से अधिक प्रकरण विभिन्न थानों पर दर्ज हैं।
एसपी ने बताया कि गिरफ्तार किया गया दस्यु अजीत ठाकुर पुलिस मुठभेड में मारे गए मुकेश ठाकुर गैंग का सरगना है तथा मुकेश ठाकुर की मौत के बाद गैंग को चलाने का काम कर रहा है। अजीत ठाकुर अपनी गैंग में हमेशा हर अपराध में अपने साथी कल्याण ठाकुर को साथ में रखकर गैंग व अपना नाम चला कर अवैध वसूली, डकैती एवं अपहरण जैसी संगीन वारदातों को अन्जाम देता रहा है। पूर्व में भी दस्यु अजीत ठाकुर द्वारा गुलाबली पेट्रोल पम्प पर लूट, गढी विनीतपुरा में हैड कानिस्टेबल पर फायरिंग, आगरा इरादत नगर में बैक लूट, धौलपुर में आशीर्वाद होटल मालिक रजत मित्तल पर सुपारी लेकर जान से मारने की नियत से फायरिग, जगनेर पट्रोल पम्प पर डकैती जैसे चर्चित एवं संगीन अपराधों को अन्जाम दे चुका है। पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए दस्युओं से पूछताछ की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार/ प्रदीप/संदीप