[ad_1]

मेरठ, 23 जनवरी (हि.स.)। मेरठ में कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र में लूटी कार का पीछा कर रहे दरोगा को बदमाशों ने गोली मार दी। छाती में गोली लगने से दरोगा गंभीर रूप से घायल हो गए। दरोगा को पहले कंकरखेड़ा के कैलाशी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से गाजियाबाद के मैक्स अस्पताल रेफर कर दिया गया। एसएसपी रोहित सिंह सजवाण भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी है।
कंकरखेड़ा थाने के हाईवे पुलिस चौकी क्षेत्र में सोमवार को आधी रात को एचआर गार्डन के बाहर बुलंदशहर निवासी सोनू सैनी दरवाजा लॉक करके कार के अंदर सो रहा था। आधी रात के बाद लगभग डेढ़ बजे तीन बदमाशों ने कार की विंडो खुलवाई। इसके बाद बदमाशों ने गन प्वाइंट पर कार का दरवाजा खुलवाकर कार, मोबाइल और नकदी लूटकर भाग गए। सोनू के शोर मचाने पर मंडप का स्टाफ बाहर आ गया। उन्होंने हाईवे पुलिस चौकी को घटना की जानकारी दी। उस समय चौकी इंचार्ज मुन्नेश सिंह अपनी टीम के साथ गश्त पर थे। मुन्नेश सिंह के मौके पर पहुंचने पर सोनू ने बताया कि उसकी कार में जीपीएस लगा हुआ है। चौकी इंचार्ज ने जीपीएस से कार को ट्रैक किया और पुलिस टीम के साथ कार का पीछा करने लगे। पुलिस ने बदमाशों का करीब दस किलोमीटर तक पीछा किया। पुलिस टीम ने डिफेंस एन्क्लेव के नाले पर बदमाशों की घेराबंदी कर दी। बदमाशों ने पहले सेंट्रो कार से पुलिस जीप में टक्कर मारी। इसके बाद कार से उतरकर पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग में दरोगा मुन्नेश सिंह के सीने में गोली लग गई। पुलिस ने जवाबी फायरिंग शुरू की। इसके बाद बदमाश कार छोड़कर भाग गए। पुलिसकर्मी चौकी प्रभारी को अस्पताल ले गए। यहां डॉक्टरों ने दरोगा को प्राइमरी ट्रीटमेंट दिया। गंभीर हालत देखकर उन्हें गाजियाबाद रेफर कर दिया। मंगलवार की सुबह दरोगा को गाजियाबाद के कौशांबी स्थित मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मुन्नेश सिंह कसाना पुत्र दीवान सिंह ग्राम बलिकापुरा, थाना चिरहाट जनपद आगरा निवासी है। एक साल पहले गाजियाबाद से स्थानांतरित होकर मेरठ आए। वे गाजियाबाद में एसओ भोजपुर रहे हैं। मेरठ में बिजली बंबा चौकी इंचार्ज के बाद जुलाई से कंकरखेड़ा थाने की हाईवे चौकी इंचार्ज हैं।
बदमाशों ने लिसाड़ी गेट में जाकर बदली नंबर प्लेट
जीपीएस को ट्रेक करने से पुलिस को पता चला कि दरोगा पर गोली चलाने वाले बदमाशों ने लिसाड़ी गेट में जाकर गाड़ी की नंबर प्लेट को बदल दिया था। गाड़ी पर असली नंबर दिल्ली का था। बदमाशों ने यूपी 15 नंबर की प्लेट गाड़ी में लगा दी। जीपीएस की मदद से पुलिस ने इन्हें ट्रैक कर लिया, लेकिन पुलिस के घिरते ही बदमाशों ने फायरिंग कर दी।
एसएसपी रोहित सिंह सजवाण मौके पर पहुंचे और पुलिसकर्मियों से घटना की जानकारी ली। बदमाशों को पकड़ने के लिए पुलिस की चार चार टीम लगाई गई हैं। दरोगा के सीने से गोली आर-पार हुई है। एसएसपी के अनुसार, इस घटना में तीन लोगों के नाम सामने आए हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।
अमिताभ ठाकुर ने वरिष्ठ अधिकारियों पर लगाए आरोप
आजाद अधिकार सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर ने इस घटना के लिए वरिष्ठ अधिकारियों को जिम्मेदार बताया है। उन्होंने प्रेस विज्ञप्ति जारी करके कहा कि बीते दिनों फिरोजाबाद, आगरा समेत कई जगहों पर पुलिस कर्मियों की मुठभेड़ में मौत हुई। इसके बाद भी वरिष्ठ अधिकारी ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए कोई कदम नहीं उठा रहे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार/ डॉ. कुलदीप/मोहित