[ad_1]

लखनऊ, 17 जनवरी(हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ(आरएसएस) की ओर से राजधानी लखनऊ में चारों दिशाओं की ओर से बाल स्वरुप श्रीराम की झांकी निकाली। इस दृश्य को देख रामभक्त भावविभोर हो गए। प्रभु राम का बाल स्वरुप देख मानो राजधानी लखनऊ का पूरा वातावरण राममय हो गया हो। इस दौरान लक्ष्मणपुरी की सड़कें भी राम-राम पुकारती रहीं। चारों दिशाएं श्रीराम के नारे से गुंजायमान रही। इस झांकी में छोटे उम्र के बच्चों ने बढ़चढ़कर हिस्सा लिया। इस शोभा यात्रा के तिराहे-चौराहों से गुजरते हुए बाल स्वरुप श्रीराम के दर्शन को लोगों की भीड़ उमड़ी और लोगों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर प्रभु बाल रुप की आरती भी उतारी।
अलीगंज के सेक्टर क्यू से निकली शोभा यात्रा में दो हजार बच्चों ने बाल स्वरुप श्रीराम बनकर भाग लिया। शोभा यात्रा के आगे बढ़कर पुरनिया पहुंचने पर बड़ी संख्या में लोगों ने पुष्प वर्षा की और रथ पर सवार बाल रुप की आरती उतारते हुए पैर छूकर आशीर्वाद लिया। शोभा यात्रा में शामिल हुए बाल स्वरुप श्रीराम बच्चें पूरी तरह से उत्साहित दिखायी दिये। इसी तरह इंदिरा नगर से करीब 15 सौ बच्चों के साथ शोभा यात्रा निकली। ये शोभा यात्रा जैसे जैसे आगे बढ़ी, लोगों ने अपनी दुकानों से निकलकर श्रीराम के बाल रुप के दर्शन किये। लोगों ने जगह-जगह पर प्रसाद वितरण कर भजन इत्यादि का गायन किया।
विधानसभा के सामने से गुजरी शोभा यात्रा में पुराने लखनऊ के तमाम वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता, महिला नेत्रियों, चिकित्सकों, धर्मगुरुओं और संघ के स्वयंसेवकों ने भाग लिया। शोभा यात्रा में करीब एक हजार बालकों ने प्रभु श्रीराम का रुप धारण कर अपनी अहम उपस्थिति लिखित करायी। बच्चों में प्रभु श्रीराम बनने का उत्साह स्पष्ट दिखा तो लोगों में अतिउत्साह दिखायी पड़ा और उन्होंने पुष्प वर्षा कर, आरती कर अपनी भावनाओं को प्रकट किया।
लखनऊ पूरब भाग, पश्चिम भाग, उत्तर भाग और दक्षिण भाग की राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के भाग संघचालक, भाग कार्यवाह, प्रचारकों सहित कार्यकारिणी के कार्यकर्ताओं ने शोभा यात्रा की योजना रचना की और सकुशल यात्रा को सफल कराया। इस दौरान स्थानीय थानों की पुलिस सुरक्षा देते हुए नजर आयी। शोभा यात्रा में शहर के प्रतिष्ठित व्यापारी, भाजपा नेता, सामाजिक कार्यकर्ताओं सहित हजारों लोग मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार/शरद/राजेश