[ad_1]

सुरजेवाला बोले : राम न भाजपा के हैं, न कांग्रेस के, बल्कि पूरी सृष्टि के हैं
कैथल,13 जनवरी (हि.स.)। कांग्रेस महासचिव व राज्यसभा सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा है कि जो लोग श्री राम को भी बीजेपी, कांग्रेस और संघ की राजनीति में खींचना चाहते हैं। वह श्री राम के साथ न्याय नहीं कर रहे हैं। भगवान श्री राम करुणा हैं, आस्था हैं,त्याग हैं,सदाचार हैं, भाईचारा हैं, श्री राम राजनीति का विषय हो ही नहीं सकते। सुरजेवाला शनिवार को गांव बालू में आयोजित किसान मजदूर रैली के बाद पत्रकार वार्ता में बोल रहे थे।
उन्होंने कहा कि श्री राम ना कांग्रेस के हैं न भाजपा के हैं। वह तो पूरी सृष्टि के हैं। राम तो ब्रह्मांड हैं। राम नफरत का नाम हो ही नहीं सकता। राम कभी भी बंटवारे का नाम नहीं हो सकता। जिनको यह समझ नहीं आता, उनको राम के बारे में जानना चाहिए। भगवान श्री राम किसान के माथे का टपकते पसीने का नाम है। इससे पूर्व रैली में बोलते हुए रणदीप सुरजेवाला ने दुष्यंत चौटाला पर प्रहार करते हुए कहा कि खट्टर व दुष्यंत सरकार ने हरियाणा के युवाओं के भविष्य को बेच दिया है। 47 बार पेपर लीक होकर बिक चुके हैं। हरियाणा के लोगों ने 10 विधायक जजपा पार्टी को दिए तो दुष्यंत ने खुद को भाजपा के हाथों बेच दिया। अगर उनके कहे अनुसार 47 सीटें जजपा को दें, तो वो पूरे हरियाणा को ही बेच देंगे। एक दूसरे को जमुना व हरियाणा से बाहर करने वाले खट्टर व दुष्यंत एक दूसरे के यार और गोदी में बैठ गए हैं।
हिन्दुस्थान समाचार/ नरेश/सुमन/संजीव
[ad_2]