[ad_1]

फिरोजाबाद, 12 जनवरी (हि.स.)। जसराना थाना क्षेत्र में तीन जनवरी को हुए एक युवक की पीट-पीटकर हत्या के मामले में दो आरोपितों को पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया है। युवकों के पास से तमंचा एवं हत्या में प्रयुक्त डंडा और बेल्ट बरामद हुआ है।
अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण रण विजय सिंह ने बताया कि थाना जसराना के गांव भैंडी निवासी विंकल यादव की तीन जनवरी उसके ही आठ दोस्तों ने पीट-पीटकर निर्मम हत्या कर दी थी। इस मामले में आठ नामजदों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया था। हत्या के बाद से पुलिस आरोपितों की तलाश में दबिश दे रही थी। एक सूचना पर थाना प्रभारी विनय कुमार मिश्रा ने पुलिस टीम के साथ हत्यारोपी सुमित उर्फ कारे निवासी नगला तुर्सी को पटीकरा से नगला तुरसी जाने वाले रास्ते से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपी के पास से पुलिस को एक तमंचा एवं दो कारतूस मिले हैं। वहीं पुलिस ने नहर पुल से खुदादादपुर जाने वाले रास्ते से मोहित यादव निवासी खुदादादपुर को गिरफ्तार किया है। युवक के पास से पुलिस को तमंचा और कारतूस मिला है।
एएसपी ग्रामीण ने बताया कि गिरफ्तार हत्यारोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त लेदर की बेल्ट सुमित से एवं बबूल का डंडा मोहित से बरामद हुआ है। हत्या में शामिल पुष्पेंद्र निवासी नगला नथुआ एवं खुदादादपुर निवासी रणजीत को पूर्व में जेल भेज चुकी है। जबकि सुरजीत की विषाक्त के सेवन से मौत हो चुकी है। हत्या की घटना में तीन हत्यारोपी अभी फरार हैं जिनकी तलाश की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार/कौशल/दीपक
[ad_2]