[ad_1]

लोकसभा चुनाव के लिए राज्य में बनेंगे 19 हजार 812 मतदान केंद्र
चंडीगढ़, 1 फरवरी (हि.स.)। हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनुराग अग्रवाल ने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव को देखते हुए 22 जनवरी को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन कर दिया गया है, जिसे विभाग की वेबसाइट पर अपलोड किया गया है।
अग्रवाल गुरुवार को मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय में बुलाई गई मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय व राज्य की राजनैतिक पार्टियों के प्रतिनिधियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे। बैठक में राजनैतिक पार्टियों की ओर से भारतीय जनता पार्टी से वरिंदर गर्ग, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस से तलविंद्र सिंह व आरडी सैनी और आम आदमी पार्टी की ओर से वीनस मलिक तथा जननायक जनता पार्टी से राम नारायण यादव और इनेलो की ओर से सत्यव्रत ने प्रतिनिधियों के रूप बैठक में हिस्सा लिया।
बैठक में मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने राजनैतिक पार्टियों के प्रतिनिधियों से अपील की कि वह अपने-अपने क्षेत्र की मतदाता सूची का बारीकी से अध्ययन करें और यदि कोई अपात्र व्यक्ति मतदाता सूची में शामिल है तो उसकी जानकारी नाम हटवाने के लिए निर्धारित फार्म भरें। इसी प्रकार, अगर कोई नया नाम सूची में शामिल करना है तो भी निर्धारित फार्म भरें।
उन्होंने कहा कि आयोग ने 1950 हेल्पलाइन नम्बर जारी किया हुआ है, उस पर भी जानकारी दी जा सकती है व प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग ने कुछ मोबाइल एप्लीकेशन तैयार किए हैं जिनमें वोटर हेल्पलाइन, सूक्ष्म ईसीआई, सी विजिल, वोटर टर्न आउट, अपने प्रत्याशी के बारे में जाने, चुनाव सीजर मैनेजमेंट सिस्टम शामिल है। प्रदेश में अंतिम प्रकाशित मतदाता सूची में कुल एक करोड़ 97 लाख मतदाता पंजीकृत किए गए है जिसमें एक करोड़ 5 लाख पुरुष और 92 लाख 50 हजार महिला मतदाता शामिल है। इसके अलावा प्रदेश में कुल 19 हजार 812 मतदान केन्द्र भी स्थापित किए गए है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 100 वर्ष से अधिक आयु के मतदाताओं की संख्या 11479 है।
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची के संशोधन के दौरान कुल 5 लाख 25 हजार 615 लोग मतदाता के रूप में पंजीकृत हुए है। उन्होंने अपील करते हुए कहा है कि सभी पात्र व्यक्तियों को सबसे पहले अपना वोट जरूर बनवाना चाहिए और इसके बाद अपने बूथ पर जाकर अपना वोट जरूर डालना चाहिए। इस लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक मतदाता को अपने मत का प्रयोग अवश्य करना चाहिए।
हिन्दुस्थान समाचार/संजीव/सुनील