[ad_1]

कामरूप (असम), 09 मार्च (हि.स.)। सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 24वीं वाहिनी रंगिया (असम) के कमांडेंट दीपक सिंह एवं गुवाहाटी ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस (एम्स) के कार्यकारी निदेशक डॉ. अशोक पुराणिक के मार्गदर्शन में आज एक स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर एम्स के सहायक प्रोफेसर (दंत चिकित्सा विभाग) डॉ. कृष्णा प्रसाद विश्वास, सहायक प्रोफेसर (हड्डी रोग विभाग) डॉ. शरण माल्या एवं सहायक प्रोफेसर (जनरल सर्जरी विभाग) डॉ. केविथिनवांगबो न्यूमे के सहयोग से एसएसबी की 24वीं वाहिनी रंगिया के वाहिनी अस्पताल में मानव चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया।
इस शिविर का शुभारंभ एसएसबी के क्षेत्र मुख्यालय उप-महानिरीक्षक राजीव राणा द्वारा किया गया। उन्होंने उपस्थित बल कार्मिकों एवं उनके परिवाजनों को संबोधित करते हुए कहा कि आज इस चिकित्सा शिविर का लाभ उठाये एवं अपने-अपने स्वास्थ्य संबंधित सभी समस्याओ को एम्स गुवाहाटी की ओर से आये हुए चिकित्सको से परामार्श लें। यह चिकित्सा शिविर एसएसबी की 24वीं वाहिनी की सहायक कमांडेंट (चिकित्सा) डॉ. बंदना देवी खारिबम एवं सहायक कमांडेंट (चिकित्सा) डॉ. महेश चौधरी की देखरेख में किया गया, जिसमे एम्स के चिकित्सकों की टीम द्वारा 24वीं वाहिनी के बल कार्मिको एवं उनके परिवारजनों के स्वास्थ्य की जांच कर उचित स्वास्थ्य परामार्श दिये गये।
वाहिनी द्वारा आने वाले समय में स्त्री रोग, बाल रोग और त्वचा विज्ञान से संबंधित चिकित्सा शिविर का भी आयोजन किया जाएगा। शिविर में सभी बल कर्मियों एवं उनके परिवारजनों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। शिविर के दौरान एसएसबी की 24वीं वाहिनी के द्वितीय-कमान अधिकारी जसबीर सिंह, उप-कमांडेंट मोती लाल, उप-कमांडेंट विश्वानाथ मिश्रा, उप कमांडेंट (संचार) प्रमोद कुमार एवं बल कार्मिक एवं उनके परिवारजन उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार/प्रकाश/श्रीप्रकाश/अरविंद