[ad_1]

-तीन माह में दोनों जगहों पर पूरे होंगे विकास कार्य
झज्जर, 31 जनवरी (हि.स.)। बहादुरगढ़ शहर के सेक्टर-2 बुधवार में बुधवार को बरसाती नाला निर्माण व पार्कों के सौंदर्यीकरण कार्य की शुरुआत हो गई। सेक्टर-6 में नालों की मरम्मत व निर्माण कार्य की शुरुआत की गई। इन दोनों कॉलोनियों में विकास कार्यों पर करीब 2 करोड़ 84 लाख रुपये खर्च होंगे। पूर्व विधायक नरेश कौशिक, चेयरपर्सन सरोज राठी, भाजपा जिलाध्यक्ष राजपाल जांगड़ा, वाइस चेयरमैन पालेराम शर्मा ने दोनों सेक्टरों में विकास कार्यों की शुरुआत नारियल फोड़कर की।
पूर्व विधायक नरेश कौशिक ने इस मौके पर वार्डवासियों को बताया कि सेक्टर-2 में करीब 2 करोड़ की लागत से नाला निर्माण व विभिन्न पार्कों के सौंदर्यीकरण का कार्य होगा। सेक्टर-6 में पहले से ईंटों के बने नाले की करीब 84 लाख रुपये की लागत से मरम्मत की जाएगी। उक्त कार्य लगभग तीन माह में पूरा कर लिया जाएगा। कौशिक ने नगर परिषद अधिकारियों व संबंधित ठेकेदारों को कहा कि नाला निर्माण, मरम्मत व पार्कों के सौंदर्यीकरण को लेकर जो भी काम शुरू किया गया है, उसमें किसी भी तरह की ढिलाई व लापरवाही नहीं होनी चाहिए। गुणवत्ता के हिसाब से विकास कार्य होने चाहिए।
उन्होंने कहा कि शहर में जिन-जिन वार्डों में जनसमस्याएं है। उन सबका धरातल पर समाधान किया जा रहा है। भाजपा सरकार में लोगों के साथ कोई भेदभाव नहीं हो रहा। विकास कार्यों के शुभारंभ अवसर पर पार्षद सत्यप्रकाश छिकारा, कुलदीप राठी, अश्विनी शर्मा, अशोक शर्मा, भाजपा ओबीसी मोर्चा जिलाध्यक्ष धर्मवीर वर्मा व पूर्व चेयरमैन कैप्टन राम सिंह दलाल भी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार/ शील/संजीव