[ad_1]


-पाटण में ‘नारी शक्ति वंदना’ कार्यक्रम में स्वयं-सहायता समूहों की महिलाओं को सहायता अर्पण
-मुख्यमंत्री पाटण में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में सहभागी हुए
पाटण, 06 मार्च (हि.स.)। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल की उपस्थिति में विकसित भारत-विकसित गुजरात कार्यक्रम अंतर्गत बुधवार को पाटण में आयोजित राज्य स्तरीय ‘नारी शक्ति वंदना’ कार्यक्रम में 13 हजार से अधिक स्वयं-सहायता समूहों की 1.30 लाख से अधिक महिलाओं को 250 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता का भुगतान किया गया। इसके अलावा, अन्य योजनागत सहायता लाभ भी दिए गए। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा पश्चिम बंगाल के बारासात में ‘नारी शक्ति वंदना’ उत्सव में किए गए संबोधन का पाटण सहित समग्र गुजरात राज्य में आयोजित कार्यक्रमों में सीधा प्रसारण किया गया।
पाटण में राज्य स्तरीय समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पिछले दशक में महिला कल्याण की दिशा में अनेक कदम उठाए गए हैं। मातृ शक्ति को सक्षम व प्रभावशाली बनाने के लिए योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन हुआ है। महिलाएं अधिक सफल व प्रगतिशील बनी हैं। महिलाओं को सशक्तिकरण की प्रहरियों के रूप में परिवर्तित किया गया है। उन्होंने कहा कि आज महिला विकास नहीं, बल्कि महिला द्वारा संचालित विकास की गारंटी है। समग्र देश में 30 करोड़ माताएं-बहनें मुद्रा लोन से लाभान्वित हुई हैं। 3.12 करोड़ बेटियों के सुकन्या समृद्धि खाते खुले हैं। महिला उद्यमियों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है। देश के कुल स्टार्टअप में आधों का नेतृत्व महिला शक्ति कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा महिलाओं की सार्वजनिक जीवन में भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए संसद में ‘नारी शक्ति वंदना’ अधिनियम पारित किया गया है। प्रधानमंत्री ने बहनों के सामर्थ्य व कौशल को निखार देने की गारंटी दी है, जिसे साकार करने वाला यह उत्सव है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने ग्रामीण महिलाओं की सहायक बनने के लिए सखी मंडलों के माध्यम से बहनों के हाथ में करोड़ों रुपये का कारोबार सौंपा है। सखी मंडलों द्वारा रिवॉल्विंग फंड, कम्युनिटी इन्वेस्टमेंट फंड दिया जाता है तथा कैश क्रेडिट दी जाती है।
इस अवसर पर केबिनेट मंत्री बलवंतसिंह राजपूत, पाटण के सांसद भरतसिंह डाभी ने भी सभा को संबोधित किया। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल एवं महानुभावों द्वारा लाभार्थियों को योजनागत सहायता चेक अर्पित किए गए। ‘नारी शक्ति वंदना’ कार्यक्रम राज्य के सभी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में आयोजित किया गया। पाटण में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष हेतलबेन ठाकोर, संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष नंदाजी ठाकोर, महासचिव रजनीभाई पटेल, जिला संगठन अध्यक्ष दशरथजी ठाकोर, पाटण नगर पालिका अध्यक्ष हिरलबेन परमार, पूर्व मंत्री रणछोड़भाई रबारी, पदाधिकारी तथा अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सखी मंडलों की बहनें भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार/बिनोद/आकाश